दो फीट खाली है FS, स्वरूपसागर के गेट डेढ़ मीटर खोले, फतहसागर का जलस्तर 11 फीट पहुंचा, 15 फीट पर सीसारमा, मदार ओवरफ्लो, आयड़ में तेजी से हो रही है आवक, गोवर्धनसागर और मदार तालाब ओवरफ्लो
उदयपुर। मूसलधार बारिश से उदयपुर की झीलों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, वहीं नदी-नाले उफान पर हैं। आज सुबह आठ बजे तक तीन इंच बरसात हुई है। स्वरूपसागर के गेट डेढ़ मीटर तक खोल दिए गए हंै। सीसारमा नदी का जलस्तर 15 फीट को क्रॉस कर गया है जो पुल के ऊपर से बह रहा है। गोवर्धनसागर और मदार तालाब ओवरफ्लो हो गए है।
जिला कलक्टर आशुतोष एटी पेडणेकर ने भारी वर्षा को देखते हुए किसी भी सूचना के आदान -प्रदान एवं सहायता के लिए मोबाइल नम्बर 95303 22239 पर सम्पर्क की व्यवस्था की है। यह नम्बर 24 घण्टे क्रिया शील रहेगा।
इससे मदार नहर से फतहसागर में पानी की आवक शुरू हो गई है। फतहसागर का जलस्तर 10 फीट के ऊपर पहुंच गया है और आयड़ नदी में पानी लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रशासन ने आयड़ किनारे की बस्तियों में हाईअलर्ट करवा दिया है। सिंचाई विभाग के अधिकारी बता रहे हैं कि हालात अभी काबू में हैं, लेकिन बड़ा मदार तालाब के ओवरफ्लो हो जाने के बाद आयड़ में पानी तेजी से बढ़ेगा। सिंचाई विभाग ने बाढ़ की हालात से निबटने के पूरे इंतजाम कर लिए हैं।
सीसारमा से बह रहा है पानी : पीछोला में गिरने वाली नदी सीसारमा इस बार सबसे अधिक वेग से बह रही है। सिंचाई विभाग के अधिकारी अशोक बाबेल के अनुसार सीसारमा से पानी की जोरदार आवक हो रही है। पुल के ऊपर से होकर पानी बह रहा है। इस नदी का जल स्तर १५ फीट क्रॉस कर गया है। नांदेश्वर चैनल से पानी आठ फीट तक बह रहा है। वहां से आने वाला पानी अभिमन्यु आश्रम में घुस चुका है। इधर सीसारमा में अकोदड़ा और मादड़ी डेम से भी पानी आ रहा है, जो पीछोला झील की तरफ बढ़ते हुए झील का जलस्तर बढ़ा रहा है।
पीछोला लबालब, फतहसागर को इंतजार : पीछोला लबालब हो चुका है, जहां से पानी कुम्हारिया तालाब होते हुए स्वरूपसागर में पहुंच रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिंचाई विभाग ने स्वरूपसागर के गेट डेढ़ मीटर खोल दिए हैं। यूआईटी पुलिया के ऊपर से पानी जा रहा है, जहां पर वाहन का आवागमन बंद कर रखा है। पुलिस का जाब्ता तैनात कर दिया गया है, जो लोगों को पुलिया क्रॉस करने से रोक रहा है।
मदार तालाब ओवरफ्लो : आयड़ नदी में लगातार जल स्तर बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग पूरी तरह अलर्ट है। अधिकारी हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। स्वरूपसागर से आने वाला पानी अभी आयड़ नदी में आ रहा है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और बड़ा मदार के ओवरफ्लो हो जाने के बाद आयड़ में पानी बढ़ रहा है। पिछली बार 2006 में जब आयड़ में बाढ़ की स्थिति बनी थी, तब बड़ा मदार तीन फीट तक ओवरफ्लो हो रहा था और अभी जानकारी के अनुसार डेढ़ फीट तक ओवरफ्लो चल रहा है, जो और भी बढऩे की संभावना है। अधिक पानी बढऩे से आयड़ नदी में छोड़ा जाएगा। इधर, उदयसागर ओवरफ्लो की स्थिति में पहुंचने वाला है। सुबह तक जलस्तर 19 फीट के करीब पहुंच गया था, जबकि पूर्ण भराव क्षमता 24 फीट है। गोवर्धनसागर तालाब भी ओवरफ्लो हो चुका है। यह पानी भी आयड़ नदी में जा रहा है।