Header Banner

हिंद जिंक ने मोबाइल बस सौंपी प्रशासन को

BY — December 12, 2011

सीओओ जोशी ने दी चाबी कलक्टर गेरा को

संभवत: देश में पहली बार गतिमान प्रशासन

कलक्‍ट्रेट सभागार में जिला कलक्‍टर गेरा को बस की चाबी सौंपते सीओओ जोशी। पास में खडे़ हैं एच. के. मेहता।
कलक्‍ट्रेट के बाहर जिंक निर्मित खड़ी मोबाइल बस।

udaipur. वेदान्ता समूह की कंपनी हिन्दुस्तान जिंक ने आज एक अत्याहधुनिक मोबाइल ऑफिस बस जिला कलक्टर को सुपुर्द की। हिन्दुस्तान जिंक के मुख्य प्रचालन अधिकारी अखिलेश जोशी ने उदयपुर के जिला कलक्टर हेमन्त कुमार गेरा को कलक्ट्रेट में सोमवार शाम मोबाइल ऑफिस बस की चाबी सौंपी।
जिला कलक्टर गेरा ने बताया कि यह बस फिलहाल खास तौर से कोटड़ा ब्लॉक के लिए बनवाई गई है। यह बस हर गुरूवार कोटड़ा की एक पंचायत समिति पर जाएगी तथा वहां के समस्याओं को वहीं सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। बस का इस्तेमाल गांव में स्वास्थ्य शिविर से अन्य सहायता पहुंचाने के लिए भी किया जा सकेगा। गुरूवार को शिविर से पहले संबंधित पंचायत और आसपास क्षेत्र के पटवारी, ग्रामसेवक, कृषि पर्यवेक्षक, एएनएम आदि ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे। कम्प्यूटर चलाने के लिए प्रशासन की तरफ से कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बस के पीछे लगे 70 इंच के एलसीडी पर सरकार की विभिन्न योजनाओं को प्रचारित किया जाएगा।
हिन्दुस्तान जिंक के मुख्य प्रचालन अधिकारी जोशी ने कहा कि वेदान्ता ग्रुप की कंपनी हिन्दुस्तान जिंक अपनी इकाइयों के आसपास सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं एवं सामुदायिक विकास एवं उनके उत्थान के लिए सदैव कटिबद्ध है। बस मूलरूप से उन ग्रामवासियों के लिए है जो किसी भी तरह प्रशासन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं या जिनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा हो। बस गांव को पूर्णतया प्रशासन से जोड़ेगी और उनकी समस्याओं का अवलोकन कर उनका समाधान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर हिन्दुस्तान जिंक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (एचआर) एच. के. मेहता, जिला रसद अधिकारी राजेन्द्रसिंह शेखावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सीआईडी-सीबी) राजेन्‍द्रसिंह राठौड़ तथा मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

पृष्ठभूमि

हिन्दुस्तान जिंक द्वारा निर्मित बस की लागत करीब 50 लाख रुपए है। यह बस अपने आप में सम्पूर्ण सरकारी कार्यालय है, जिसमें 9 खण्ड और एक विशेष पंजीयन काउण्टर भी है, जिसमें सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव—गांव जाकर गांववासियों की समस्याओं को समझेंगे व मौके पर ही समाधान करेंगे। वातानुकूलित बस में 9 खण्डों में अति आधुनिक कम्प्यूटर लगे हुए हैं तथा बस के पीछे एक बढ़ा टीवी स्क्रीन है जिसके माध्यम से राजस्थान सरकार की विभिन्न योजनाओं को ग्रामवासियों को दिखाया जाएगा। मोबाइल ऑफिस बस पर कामकाज के लिए आने वालों के लिए इस बस के ऊपर दो विंग्स हैं जिनके खुलने पर ग्रामवासियों के लिए छाया की व्यवस्था भी रहेगी। दस्तावेजों पर फोटो लगाने के लिए फोटोग्राफी काउण्टर है तो मुख्यमंत्री निशुल्क दवा वितरण के लिए एक काउण्टर है। बस में सीसीटीवी कैमरा है, जो अंदर हो रहे सभी कामकाज को रिकॉर्ड करेगा। इस रिकॉर्डिंग को प्रशासन भी देखेगा और सरकार को भेजा जाएगा।
प्रारंभ में, ‘गतिमान प्रशासन योजना’ उदयपुर जिले के आदिवासी बहुल कोटड़ा पंचायत समिति के 31 ग्राम पंचायत के 262 गांवों तक पहुंचेगी। बस से राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी, सप्ताह के प्रत्येक बुधवार व शुक्रवार को कोटड़ा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शिविर लगाएंगे। शिविरों में राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, महिला एवं बाल विकास, जलदाय, विद्युत, कृषि, पशुपालन, रसद आदि विभागों के अधिकारी काउण्टरों पर बैठेंगे और कार्य करेंगे और मौके पर उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं तहसीलदार भी उपस्थित रहेंगे।
udaipur news

udaipurnews

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply