अनुसंधान के साथ शिक्षा का वातावरण भी बने : पाटील

BY — December 16, 2011

कैंसर की प्रभावी रोकथाम

सिम्‍पोजियम का दीप प्रज्‍वलन कर उद्घाटन करते राज्‍यपाल।
मंचासीन अतिथि।

udaipur. राज्यपाल शिवराज वी. पाटील ने चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों एवं मीडिया जगत का आह्वान किया कि वे कैंसर की प्रभावी रोकथाम के लिए अग्रणी शोध कार्यों को बढावा देते हुए आम जनता को जागरूक करने के लिये प्रतिबद्घ हों। वे शुक्रवार शाम उदयपुर के इन्दर रेजीडेंसी में आयोजित ट्रांसलेशनल केंसर रिसर्च की चौथी कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। पाटील ने कहा कि कैंसर घातक रोग होने के बावजूद समय पर इलाज से निदान योग्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय परिवेश में जीवन शैली में परिवर्तन कर इस घातक रोग से बचाव संभव है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के बारे में तब पता चलता है जब रोगी इस रोग के अंतिम दौर तक पहुंच जाता है। ऐसी स्थिति में इलेक्ट्रॉनिक व प्रिन्ट मीडिया को चाहिए कि वे आम जन चिकित्सकों व विशेषज्ञों से रोग के लक्षणों के बारे में जागरूक करें ताकि वे समय रहते इस रोग की पहचान कर इसका इलाज करवा सके।
पाटील ने कहा कि वैश्वीकरण के दौर में विश्व के विभिन्न देशों के बीच ज्ञान व तकनीक का आपसी आदान-प्रदान बिना किसी बाधा के होना चाहिए जिससे केंसर जैसी व्याधियों के अग्रणी शोध एवं अनुसंधान को चिकित्सा प्रणाली में वृहद स्तर पर लागू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भारत, चीन व जापान जैसे देशों में पुरातन काल से चली आ रही चिकित्सा का भी बहुत महत्व है। इनके शोध एव अनुभवों का भी लाभ विश्व चिकित्सा के क्षेत्र में समाहित किया जाना चाहिए।
पाटील ने कहा कि देश के विश्वविद्यालय संसाधनों के अभाव में प्रयोगशाला की स्थापना पर्याप्त रूप से नहीं कर पा रहे हैं। इस कारण शोध एवं विकास में अपेक्षित उपलब्धियां हासिल नहीं पायी। राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं की स्थापना के लिए औद्योगिक घरानों को पहल करने की जरूरत है।
सिम्पोजियम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन के साथ हुआ,  जिसकी विद्वानों ने वैज्ञानिक व्याख्या भी की। सिम्पोजियम में देश-विदेश के 200 से अधिक प्रतिभागी शिरकत कर रहे हैं। प्रो. उमन वी. उमन  ने स्वागत भाषण दिया जबकि भरत अग्रवाल ने सिम्पोजियम का परिचय दिया। कपिल मेहता ने गत आयोजनों पर विस्तार से जानकारी दी। आभार वर्षा गांधी ने जताया। समारोह में सुखाडि़या विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो.महिप भटनागर, प्रो.सेन पाठक, जिला कलक्टर हेमन्त गेरा सहित देश- विदेश के विषय विशेषज्ञ मौजूद थे।
udaipur news

udaipurnews

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *