कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान कायम रखें : झाला

BY — June 7, 2012

शहर व देहात जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठक

उदयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान के निर्देशानुसार गुरूवार सुबह 11 बजे चेटक स्थित कांग्रेस कार्यालय पर शहर जिला एवं आरएमवी रोड स्थित देहात कांग्रेस कार्यालय में देहात जिला कमेटी की बैठकें हुई।

शहर जिला की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष नीलिमा सुखाडिय़ा ने कांग्रेस के जनसम्पर्क अभियान, सदस्यता अभियान, वार्ड कांग्रेस कमेटी के गठन की प्रक्रिया, बूथ लेवल एजेन्ट की नियुक्ति तथा विधानसभा क्षेत्रवार राजनैतिक सम्मेलनों के आयोजन पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सदस्यता अभियान के अन्तर्गत युवाओं, महिलाओं, अल्पसंख्यकों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति को अधिक से अधिक संख्या में जोडऩे का आह्वान किया। यूआईटी चेयरमैन रुपकुमार खुराना ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए शिकायतें नहीं करें बल्कि समाधान निकालें। उन्होंने कहा कि हमें सुनिश्चित करना होगा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचे।
पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया एवं पूर्व जिलाध्यक्ष रामचन्द्र मेनारिया ने कहा कि कांग्रेस अगर कमजोर होगी तो देश कमजोर होगा, अत: हमें कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना है। बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुजीब सिद्दीकी, पूरण मेनारिया, नेता प्रतिपक्ष दिनेश श्रीमाली, कैलाश पानेरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष चन्दा सुहालका, दिलीप सुखाडिय़ा, अली कौसर, प्रवक्ता डॉ. दीपक औदिच्य, मनीष गलुण्डिया ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान रंजना साहू, चन्द्रकान्ता मेनारिया, सुनिता शर्मा, राहुल व्यास, नजमा मेवाफरोश आदि भी बैठक में उपस्थित थे।
सिर्फ संगठन की रीढ की हड्डी कहने से ही काम नहीं चलेगा
देहात जिला कांग्रेस की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला ने कहा कि कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ की हड्डी कहने से ही काम नहीं चलेगा, कार्यकर्ताओं को तवज्जो देकर उनके काम होने चाहिए और उनका मान सम्मान कायम रखना होगा। संगठन के बूते पर ही व्यक्ति सांसद, मंत्री या विधायक बनता है। सांसद, मंत्री व विधायकों को कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता गांव व ढाणियों में संघर्ष करता है, लेकिन अधिकारी व कर्मचारी अपनी हठधर्मिता से सरकार की योजनाओं को सफल नही होना देना चाहते। प्रदेश संगठन अपने स्तर से शीघ्र कठोर कदम उठाये।
मुख्य अतिथि प्रभारी प्रदेश सचिव विजयलक्ष्मी चौधरी ने अध्यक्ष व पदाधिकारियों की बात का समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि सत्ता मात्र डॉक्टर की दवा की पर्ची है तो कार्यकर्ता हर बीमारी की दवा है। कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों की भावनाओं एवं समस्याओं को प्रदेश कांग्रेस कमेटी, मुख्यमंत्री एवं प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक को अवगत कराकर निराकरण कराया जायेगा।
प्रवक्ता हेमन्त श्रीमाली ने बताया कि बैठक के प्रारम्भ में पहली बार प्रभारी बन कर आने पर विजयलक्ष्मी चौधरी का शॉल एवं माल्यार्पण से जिला प्रमुख मधु मेहता व जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला ने स्वागत किया। बैठक में उपाध्यक्ष रामलाल गायरी, हरिराम मीणा, महामंत्री भगवतीलाल खटीक, मुमताज कुरैशी, ब्लॉक अध्यक्ष भगवतसिंह झाला, कालूराम मीणा, जीतसिंह चुण्डावत, महेश पालीवाल, कचरूलाल चौधरी, कुबेरसिंह चौहान, मेघराज सोनी, विरेन्द्र पटेल, नानजीराम मीणा, सचिव प्रतापसिंह चौहान, परसराम सोनी, कमलसिंह चौधरी आदि ने प्रदेश कांग्रेस सचिव को जनसम्पर्क अभियान, ग्राम एवं नगर कांग्रेस कमेटी के गठन पर अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी तथा कार्यकर्ताओं की पीडा को अवगत कराते हुए स्थानान्तरण में मंत्री, विधायक व सांसद द्वारा कार्यकर्ताओं को एवं संगठन पदाधिकारियो को तवज्जो नही देने पर रोष व्यक्त किया।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *