सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए जिंक ने खरीदी जमीन

BY — November 27, 2012

डेढ़ वर्ष में पूरा होगा काम
पर्यटन स्थलों पर लगेंगे सिटी मैप
पर्यटन विकास समिति की बैठक

udaipur. शहर में सीवरेज ट्रीटमेण्ट प्लांट के लिए हिन्दुस्तान जिंक ने जमीन खरीद ली है। इसमें ट्रीटमेण्ट प्लांट स्थापित करने में करीब 18 महीनों का वक्त लगेगा। यह जानकारी जिला कलक्टर विकास एस. भाले ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित पर्यटन विकास समिति की बैठक में दी।

बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि शहर के सभी महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर सिटी मैप लगाने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा मेप उपलब्ध करवा दिए है। नगर परिषद् शीघ्र ही इन स्थलों पर मेप प्रदर्शित करेगी। सहेलियों की बाडी की दीवार को ऊंचा किया गया है और इस पर आकर्षक पेंटिंग बनाई जाएगी जो पर्यटकों को अवश्य ही आकर्षित करेगी।
नगर परिषद् सभापति रजनी डांगी ने शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटन स्थलों के विकास, सहित कई महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर आवश्यक सुझाव दिये। बैठक में मेवाड़ कॉम्पलेक्स के तहत चावण्ड में निर्मित सम्पत्तियों के रखरखाव पर जिला कलक्टर ने पर्यटन विभाग एवं सम्बन्धित अधिकारियों से आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस योजना के तहत अब तक गोगुन्दा, दिवेर एवं छापरी स्थलों को रखरखाव के लिए आवंटित कर दिया गया है। शहर में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने तथा पर्यटन स्थलों की नियमित रूप से साफ-सफाई पर नगर परिषद् आयुक्त ने बताया कि सफाई कार्य नियमित रूप से करवाया जा रहा है तथा पार्किंग स्थल के रूप में बेलघर को विकसित करने की कार्यवाही की जा रही है। सभापति ने होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से कहा कि वे आगे आकर झीलों की सफाई का जिम्मा लें।
बैठक में फतहसागर एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर ऊंट सवारी व्यवस्थित एवं नियमानुसार करने शहर के मुख्य मार्गो एवं चौराहों पर लगे दिशा-सूचकों पर विज्ञापन, पोस्टर एवं फ्लेक्स आदि लगाने पर प्रभावी कार्यवाही करने, पर्यटन स्थलों की नियमित साफ-सफाई करने आदि बिन्दुओं पर भी चर्चा हुई। प्रारम्भ में पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक दलीप सिंह ने गत बैठक में लिये गये निर्णय एवं उनकी अनुपालना पर बिन्दुवार जानकारी दी। इस अवसर पर नगर परिषद् सभापति सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद थे।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *