Sat, September 12, 2026
Header Banner

कवि सम्मेलन से शुरू होंगे महावीर जयंती के कार्यक्रम

BY — April 3, 2014

समापन 13 को शोभायात्रा के साथ, नौ दिन तक चलेंगे कार्यक्रम

030411उदयपुर। श्रमण भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव महावीर जैन परिषद के तत्वारवधान में 13 अप्रेल को धूमधाम से मनाया जायेगा। इस बार यह महोत्सव नौ दिवसीय होगा, जिसका आगाज 5 अप्रेल को विराट कवि सम्मेलन से होगा। महावीर जयंती पर भव्य शोभायात्रा से महोत्सव का समापन होगा।

होटल गोरबन्ध में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए परिषद के संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी के 2613 वां जन्मकल्याणक महोत्सव पर नौ दिवसीय समारोह होंगे। इसके तहत 5 अप्रैल की शाम जैन जागृति सेन्टर के तत्वावधान में विराट राष्ट्रीय कवि सम्मेलन लोक कला मण्डल में होगा।
शोभायात्रा 13 को : महावीर जयन्ती 13 अप्रैल को नगर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर निगम प्रांगण से जीवनसिंह लीला देवी मेहता के ध्वजारोहण के पश्चात प्रात: 8.30 बजे रवाना होगी। शोभायात्रा में सकल जैन समाज के हजारों समाजजन उपस्थित रहेंगे। इसमें सभी संगठन अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। शोभायात्रा में पर्यावरण, स्वच्छता के साथ भगवान महावीर के पांच महाव्रत, कन्या भ्रूण हत्या पर अंकुश, जल संरक्षण, सेवा एवं परोपकार, नशामुक्ति, शाकाहार एवं सामाजिक कुरीतियों पर रोकथाम की थीम आकर्षक झांकियां होंगी। इसके अलावा शोभायात्रा में युवाओं, महिलाओं एवं स्कूली विद्यार्थियों की भी प्रतिस्पद्धाएं भी आयोजित होंगी। प्रथम तीन स्थान पर रहने वालों को परिषद की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
रूट बदलेगा इस बार : शोभायात्रा नगर निगम प्रांगण से रवाना होकर सूरजपोल, बापूबाजार, देहलीगेट, भूपालवाड़ी, भडभूजा घाटी, सर्राफा बाजार, घंटाघर, मोती चौहट्टा, हाथीपोल, अश्वनी बाजार से होते हुए पुन: देहली गेट होकर नगर निगम प्रांगण में सम्पन्न होगी। शोभायात्रा में समाज के तीन बैण्ड मधुर स्वर लहरियां बिखेरेंगे। इस बार संकरे रास्तों  के कारण मंडी के बजाय इसका रूट बदला गया है। परिषद के कोषाध्यक्ष कुलदीप नाहर ने बताया कि शोभायात्रा में पुरुष श्वेत एवं महिलाएं केसरिया परिधान में होंगी। महावीर जयन्ती पर सकल जैन समाज के व्यापारी अपना कारोबार बंद रखेंगे। प्रात:कालीन वेला में महावीर जयन्ती पर उपनगरीय क्षेत्रों में निकलने वाली प्रभातफेरियों का विलय भी मुख्य शोभायात्रा में होगा।
जैन जागृति सेन्टर के अध्यक्ष महेन्द्र तलेसरा ने बताया कि 5 अप्रेल को लोककला मण्डल के मुक्ताकाशी रंगमंच पर आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में देश के ख्यातनाम हास्य कवि अशोक चक्रधर, मनवीर मधुर, दिनेश देशी घी, संजय खत्री कालाधन, सरदार वाहे गुरू भाटिया कविता पाठ करेंगे। कवि सम्मेलन के सूत्रधार अजातशत्रु होंगे।
प्रतिभावान सम्मान समारोह : महावीर युवा मंच संस्थान के अध्यक्ष लोकेश कोठारी ने बताया कि महोत्सव के दौरान 6 अप्रेल को अशोक नगर स्थित विज्ञान समिति सभागार में अपराह्न 3 बजे सकल जैन समाज की 71 प्रतिभाओं को ‘विद्याश्री’ सम्मान से नवाजा जाएगा।
सेवा प्रकल्प : परिषद के कोषाध्यक्ष कुलदीप नाहर ने बताया कि परिषद की ओर से 7 अप्रेल को महाराणा भूपाल चिकित्सालय में रोगी एवं तीमारदारों को फल एवं बिस्किट वितरण किए जाएंगे। इस व्यवस्था का दायित्व बापूबाजार जैन व्यवसाय संघ को सौंपा गया है।
संगोष्ठी : परिषद की ओर से चौथे दिन आठ अप्रेल को अशोक नगर स्थित विज्ञान समिति में प्रात: 9 बजे आयोजित ‘वर्तमान संदर्भ में महावीर के सिद्धान्त’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित होगी। जिसके मुख्य वक्ता नई दिल्ली के प्रोफेसर वीरसागर होंगे। इस कार्यक्रम का संयोजक डॉ. सुभाष कोठारी को बनाया गया है।
विश्वशांति महाआरती : महावीर जैन परिषद महिला शाखा की ओर से 9 अप्रैल को सायं 6.30 बजे फतहसागर की पाल, नाले वाले छोर पर संगीतमय नमस्कार महामंत्र का सामूहिक जाप एवं विश्वशांति महाआरती का आयोजन होगा।
जैन मंगल मेहन्दी प्रतियोगिता : परिषद की महिला शाखा की ओर से 10 अप्रैल को दोपहर 2.30 बजे नाइयों की तलाई स्थित तेरापंथ भवन में जैन मंगल मेहन्दी प्रतियागिता का आयोजन रखा गया है। प्रथम तीन स्थान पर रहने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया जायेगा।
महिला संगठनों की सांस्कृतिक संध्या : महावीर जैन परिषद एवं वंडर सीमेन्ट के संयुक्त  तत्वावधान में 11 अप्रैल को सायं 7 बजे नगर निगम प्रांगण में जैन समाज कीविभिन्न महिला संगठनों द्वारा गीत, नृत्य, नाटिका आदि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
भव्य भक्ति संध्या : महावीर जैन परिषद एवं पैसिफिक मेडिकल विश्वविद्यालय के तत्वावधान में भोपाल की केशव जैन एण्ड पार्टी 12 अपै्रल को गीतों भरी शाम की प्रस्तुति देगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान परिषद के सहसंयोजक तेजसिंह बोल्या, यशवंत आंचलिया, शांतिलाल नागदा, विनोद भोजावत, गणेश लाल मेहता, नरेन्द्र सिंघवी भी मौजूद थे।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply