Header Banner

बोहरा समुदाय ने मनाई ईद

BY — October 4, 2014

मुस्लिम समुदाय 6 को मनाएगा

041006उदयपुर। बोहरा समुदाय ईदुल-अजहा (कुर्बानी पर्व) शनिवार को हर्षोल्लास से मनाई वहीं मुस्लिम समुदाय सोमवार को मनाएगा। हाथीपोल स्थित बकरा मंडी में बकरों की खरीद-फरोख्त जारी रही।

आज प्रात: बोहरा समुदाय के यूथ और शबाब की विभिन्न मस्जिदों में मोइयदपुरा, लुकमानी मस्जिद और देवाली स्थित मस्जिद, फतहपुरा स्थित बुरहानी मस्जिद, मल्लातलाई मस्जिद में बोहरा समुदाय के पुरुष-महिलाओं और बच्चों ने सुबह 6 बजे बाद ईद की नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद मजलिस हुई व इमाम-हुसैन की याद में मर्सिये पढ़े गए। नमाज़ के बाद एक-दूसरे का हाथ चूम कर व गले लग कर ईद की बधाई दी। फिर घर-घर में कुर्बानी व जमात द्वारा बोहरावाड़ी स्थित जमातखाने में सामूहिक कुर्बानी की रस्म अदा की गई। कुर्बानी के बाद तबर्रुक (प्रसाद) रिश्तेदारों व समुदाय के लोगों में वितरित किया गया। दाऊदी बोहरा जमात के प्रवक्ता अनीस मियांजी ने बताया कि समुदाय की विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई।
मुस्लिम समुदाय की ईद सोमवार को : मुस्लिम समुदाय ईदुल-अज़हा सोमवार को मनाएगा। अंजुमन तालीमुल इस्लाम के सेक्रेटरी फारुख हुसैन ने बताया कि चांद की तारीख के हिसाब से ईदुल-अज़हा सोमवार को मनाया जाएगा। शहर की सभी मस्जिदों में ईद की नमाज़ की विशेष तैयारियां कर ली गई हैं। शहर की मस्जिदों में ईद की नमाज़ सुबह 8 से 9 के बीच में अदा की जाएगी।
बकरों की खरीद-फरोख्त में तेजी : हाथीपोल स्थित बकरा मंडी में बकरों की खरीद फरोख्त में तेजी आई है। कल जुमे की नमाज़ के बाद हाथीपोल मंडी में देर रात तक बकरों के खरीददारों की खासी भीड़ रही। मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना है कि बकरों की कीमत इस बार आसमान छू रही है। हाथीपोल बकरा मंडी में कम से कम 12 हज़ार रुपए का बकरा मिल रहा है। इसके अलावा 12 हज़ार से 60 हज़ार तक के बकरे बिकने आए हैं। आसपास के गांवों, भीलवाड़ा, जोधपुर, अजमेर से कई व्यापारी बकरों को बेचने के लिए बकरा मंडी में आए हुए हैं। मुस्लिम समुदाय में ईदुल अज़हा तीन दिन तक मनाई जाती है और तीन दिन तक कुर्बानी की जाती है।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply