पुलिस के शिकंजे में खाप पंचायत

BY — November 10, 2014

ठाली का तालाब गांव बना पुलिस छावनी, महिला को निर्वस्त्र करके गधे पर घुमाने के आरोप में 40 आरोपी गिरफ्तार

Police_capउदयपुर। राजसमंद जिले में चारभुजा क्षेत्र की थुरावड़ पंचायत के ठाली का तालाब गांव में शनिवार रात खाप पंचायत के फरमान के बाद एक महिला को गांव में घसीटते हुए अर्ध नग्न करके गधे पर घुमाया गया। इस घटना के बाद पुलिस ने खाप पंचायत से जुड़े 40 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।

थानाधिकारी योगेश चौहान के अनुसार ठाली का तालाब निवासी वरदीसिंह (20) पुत्र राजूसिंह खरवड़ दसाणा राजपूत ने दो नवंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार के लोग कुछ दिनों से युवक की काकी पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसे प्रताडि़त कर रहे थे। शनिवार दोपहर समाज की पंचायत बुलाई गई। महिला पर भतीजे की हत्या का आरोप लगाते हुए उसे गधे पर घुमाने का फरमान सुनाया गया। शाम करीब छह बजे कुछ लोग महिला को घसीटते हुए लाए और बाल काटकर मुंह काला कर दिया। इसके बाद अर्ध नग्न करके महिला को गधे पर पूरे गांव में घुमाया गया।
इन्हें किया गया गिरफ्तार : थानाधिकारी ने बताया कि महिला को निर्वस्त्र कर गधे पर बैठाकर घुमाने के आरोप में छगनसिंह दसाणा, अजय सिंह खरवड़, नाथूसिंह दसाणा, किशनसिंह चदाणा, उदयसिंह चदाणा, रामसिंह दसाणा, केसरसिंह दसाणा, भीमसिंह दसाणा, कुंवरसिंह दसाणा, नोरजसिंह, सोहनसिंह, भीम सिंह, रहमतसिंह, दौलतसिंह, धूलसिंह, लालसिंह, नाथूसिंह, तेजसिंह, गोपालसिंह, कन्ना, सोहनसिंह, लालसिंह, पृथ्वीसिंह, सोहनसिंह, चंदनसिंह, मांगूसिंह, अजयसिंह, सोहनसिंह, नयनसिंह, सुन्दरबाई को गिरफ्तार किया।
नाते देने की बात पर हुआ विवाद : थानाधिकारी योगेश चौहान ने बताया कि युवक की मौत होने के बाद मृतका की पत्नी को नाते देने की बात को लेकर विवाद हुआ। इस पर घर में विवाद हो गया था। इसको लेकर पीडि़ता के खिलाफ साजिश रची गई। फिर उस पर हत्या का आरोप लगाया गया। थानाधिकारी ने बताया कि वरदीसिंह ने खुदकुशी क्यों की, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आत्महत्या के बाद पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रथम दृष्टया घरेलू विवाद को लेकर युवक द्वारा फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक अपने जीजा के साथ मुंबई में ज्वैलर्स की दुकान पर काम करता था। वह पुन: मुंबई जाने की तैयारी में था। इस दौरान उसने फांसी लगा ली।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply