सम्मान कर फाउंडेशन खुद होता है सम्मानित : मेवाड़

BY — March 22, 2015

33 वां वार्षिक सम्मान समर्पण समारोह

220310उदयपुर। महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन के 33वें वार्षिक अलंकरण समारोह में माणक चौक में रविवार को आयोजित भव्य समारोह में देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान किया गया।

समारोह में लंदन स्थित केम्ब्रिज युनिवरसिटी में संस्कृत अध्यापन से शुरूआत करने वाले प्रो. जॉन डी. स्मिथ को कर्नल जेम्स टॉड अलंकरण, विज्ञापनों से सामाजिक क्रान्ति लाने वाले पीयूष पाण्डे को हल्दीघाटी अलंकरण, मानवाधिकारों के लिए लड़ने वाली जानी मानी अधिवक्ता वृन्दा ग्रोवर को हकीम खाँ सूर अलंकरण, फोरेस्ट मेन ऑफ आसाम के नाम से मशहूर पद्मश्री जादव मुलाय पयांग को महाराणा उदयसिंह अलंकरण, थर्मेक्स लि. से सेवानिवृत्त समाजसेवी पद्मश्री अनु आगा को पन्नाधाय अलंकरण से नवाजा गया।
220311फाउण्डेशन के अध्यक्ष अरविंदसिंह मेवाड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि फाउण्डेशन का यह महोत्सव गुरू-शिष्य की पावन परंपरा को निरंतरता प्रदान करने के लिए हर वर्ष आयोजन किया जाता है। यहां मनुजता की महिमा के मनीषियों का सम्मान कर फाउण्डेशन स्वयं सम्मानित होता है। समारोह के अध्यक्ष राष्ट्रकवि बालकवि वैरागी ने कहा कि पूरे विश्व से मनीषियों को तलाशना एवं उन्हें इतने सहज और अनुशासित तरीके से सम्मान प्रदान करना फाउण्डेशन का ऐतिहासिक काम है। फाउण्डेशन के प्रवक्ता कवि पंडित नरेन्द्र मिश्र ने फाउण्डेशन के विभिन्न कार्यकलापों की जानकारी दी एवं मेवाड़ के ऐतिहासिक गौरवमयी इतिहास पर कविता की पंक्तियां भी पढ़ी।
220312फाउण्डेशन द्वारा राज्य स्तर पर दिये जाने वाले अलंकरणों के अन्तर्गत इस वर्ष महाराणा मेवाड़ सम्मान कृति भारती तथा श्याम सुन्दर पालीवाल को, महर्षि हारीत राशि सम्मान प्रो. ओम प्रकाश उपाध्याय एवं पं. गणपति लाल शर्मा को, महाराणा कुम्भा सम्मान नारायण लाल शर्मा तथा पद्मश्री डॉ. चन्द्रप्रकाश देवल, महाराणा सज्जनसिंह सम्मान कमलेश जांगिड़ को, डागर घराना सम्मान अमान अली खान एवं अयान अली खान को, राणा पूंजा सम्मान चुन्नी लाल गरासिया को, अरावली सम्मान नवनीत गौतम एवं सुश्री सुमित्रा शर्मा को, विशिष्ट अलंकरण डॉ. शैलेन्द्र मोहन को प्रदान किया गया। फाउण्डेशन द्वारा राज्य के सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना का विशिष्ट सम्मान इस वर्ष झालावाड़ जिले के सरोला थाना को दिया गया। फाउण्डेशन द्वारा अलंकरण के तहत सम्मान राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए गए।
समारोह में महाराणा फतह सिंह अलंकरण के लिए वर्ष 2013 तथा 2014 के 70 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। भामाशाह अलंकरण के लिए वर्ष 2013 तथा 2014 के 33 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। महाराणा राजसिंह अलंकरण के लिए वर्ष 2013 तथा 2014 की श्रेष्ठ उपलब्धियों के लिए 10 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। फाउण्डेशन के ट्रस्टी लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने धन्यवाद उद्बोधन में कहा कि सम्मानित महानुभावों एवं पधारे अतिथियों से वे आशा करते हैं कि भविष्य में भी वे समारोह में कृपा बनाए रखेंगे जिससे समारोह की रफ्तार हमेशा रवानी पर रहेगी।
विभूतियां हुई गौरवान्वित : सम्मानित होने वाली विभूतियों में से हल्दीघाटी सम्मान प्राप्त पियूष पाण्डे ने कहा कि उन्हें अपनी मातृभूमि पर सम्मान मिलने से बेहद हर्ष है। कर्नल जेम्स टॉड अवार्ड से सम्मानित प्रो. जॉन डी स्मिथ संस्कृत भाषा तथा उसकी बारीकी पर शोध करने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। पन्नाधाय सम्मान से सम्मानित अनु आगा ने बालिका शिक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे हर धर्म, हर व्यक्ति, हर नागरिक का दायित्व होना बताया। वहीं हकीम खां सूर अवार्ड से सम्मानित वृंदा ग्रोवर ने सामाजिक न्याय एवं घरेलू हिंसा तथा यौन शोषण पर विचार व्यक्त किए। समारोह में अन्य सम्मानित अतिथियों ने फाउण्डेशन के सम्मान समारोह एवं क्रियाकलापों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। समारोह में देश-विदेश की हस्तियों सहित शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समारोह का संचालन गोपाल सोनी एवं रूपा चक्रवर्ती ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *