निगम का दीपावली मेला 21 से

BY — October 18, 2016

अनुराधा पौडवाल, कुमार सानू लाफ्टर राजीव ठाकुर, डांसर प्रिंस ग्रुप एवं कवि सम्मेलन मुख्य आयोजन

fairउदयपुर। नगर निगम द्वारा आयोजित दीपावली मेला 2016 का उद्घाटन शुक्रवार शाम 8 बजे गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर निम्बार्क पीठ, अस्थल आश्रम के मेवाड महामण्डलेश्वर रासबिहारी शरण का पावन सानिध्य मिलेगा।महापौर चन्द्रसिंह कोठारी ने बताया कि दीपावली मेला नगर निगम प्रांगण में 21 से 30 अक्टूबर तक होगा जिसमें 27 अक्टूबर तक सांस्कृतिक संध्याओं की धूम रहेगी। सांस्कृतिक संध्या के शुरूआती दो दिन 21 अक्टूबर व 22 अक्टूबर को स्थानीय प्रतिभा नाईट व उभरते सितारे का आयोजन किया जाएगा। 23 अक्टूबर को भजन व गजल संध्या की प्रस्तुति होगी जिसमें अनुराधा पोडवाल को बुलाया गया है, इसी क्रम में 24 अक्टूबर को कुमार शानू की सिंगर नाईट, 25 अक्टूबर को लाफ्टर नाईट का आयोजन होगा जिसमें जाने माने लाफ्टर राजीव ठाकुर, अमित सिसोदिया व उनकी टीम उदयपुरवासियों को गुदगुदाएंगे।
कोठारी ने बताया कि 26 अक्टूबर को प्रिंन्स ग्रुप की डांस नाईट व 27 अक्टूबर को वंडर सीमेंट द्वारा प्रायोजित कवि सम्मेलन होगा जिसमें सर्वश्री संतोष आनन्द, जगदीश सौलंकी, सुरेश अलबेला, डॉ. राहत इंदौरी, जॉनी वैरागी, प्रकाश नागौरी, राजकुमार बादल, कवियत्री गौरी मिश्रा, मारूति नन्दन, शंभू शिखर, गौरव गौलछा वाणी कविता पाठ करेंगे। इस बार मेले में शहर की जनता के मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्या 27 अक्टूबर को समाप्त होगी लेकिन मेला दीपावली तक सतत् जारी रहेगा।
मेला संयोजक जगदीश मेनारिया ने बताया कि मेले में स्टॉल व झूले लगाने से निगम को कुल 58.82 लाख रूपए की आय हुई है। मेले के लिए इस बार मेला प्रशासनिक समिति बनाई गई है। समिति अध्यक्ष महापौर चन्द्र सिंह कोठारी है व इसमें उपमहापौर लोकेश द्विवेदी, नितिश भटनागर व लेखाधिकारी व सहित 18 अन्य को शामिल किया गया है।
पांडाल समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि मेले को सफल संचालन के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। सांस्कृतिक संध्याओं के लिए विशाल मंच तैयार किया जा रहा है। प्रेस दीर्घा, वीआईपी दीर्घा, दर्शक दीर्घा व इलेक्ट्रोनिक मीडिया के कवरेज के लिए मचान भी बनाया गया है। बेरीकेट्स पर जालियां लगाई गई है, जिससे सुरक्षा में कोई खलल उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने बताया कि स्टॉलों को इस तरह लगवाया गया है कि जिससे जनता को किसी भी दुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
परिवहन समिति अध्यक्ष लोकेश द्विवेदी ने बताया कि मेले की सफलता को देखते हुए शहरवासियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए माकूल व्यवस्थाएं की गई है। प्रेस समिति अध्यक्ष हंसा माली ने बताया कि मेले के लिए निगम द्वारा 2.60 करोड़ का दुर्घटना बीमा भी करवाया गया है। मेले में पार्किंग टाउनहॉल की नवनिर्मित पार्किंग, श्रमजीवी कॉलेज में पार्किंग व्यवस्था की है।
मेला संयोजक जगदीश मेनारिया ने बताया कि मेले में इस बार झुले वालों से 12.71 लाख रूपए, 32 लाख रूपए पीछे वाले ग्राउण्ड से व 11,50,000 रूपए की आय दक्षिण वाले ग्राउण्ड से व आईस्क्रीम की स्टॉल से 2,61000 रूपए आय हुई है। इस प्रकार कुल करीब 58 लाख 82 हजार रूपए की आय निगम को हुई है। निगम द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अनुराधा पोडवाल नाईट 7 लाख 49 हजार रूपए, कुमार सानू सिंगर नाइट 14 लाख 90 हजार रूपए, लाफ्टर नाइट 3 लाख 25 हजार रूपए व  डांस नाइट 6 लाख 49 हजार रूपए खर्च होंगे।
ये होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम : 21 अक्टूबर को स्थानीय प्रतिभा नाइट, 22 अक्टूबर को उभरते सितारे, 23 अक्टूबर को भजन व गजल संध्या (अनुराधा पौडवाल), 24 अक्टूबर को सिंगर नाइट (कुमार शानु), 25 अक्टूबर को लाफ्टर नाइट (राजीव ठाकुर, अमित सिसोदिया व उनकी टीम), 26 अक्टूबर को प्रिंन्स ग्रुप की डांस नाईट तथा 27 अक्टूबर को कवि सम्मेलन (वंडर सीमेंट द्वारा प्रायोजित), आमंत्रित कवि सर्वश्री संतोष आनन्द, जगदीश सोलंकी, सुरेश अलबेला, डॉ. राहत इंदौरी, जॉनी वैरागी, प्रकाश नागौरी, राजकुमार बादल, कवियत्री गौरी मिश्रा, मारूति नन्दन, शंभू शिखर, गौरव गौलछा वाणी।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *