35 गोल्ड के साथ उदयपुर ने जीती कूडो चेम्पियनशिप

BY — January 1, 2017

उदयपुर। कूडो एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के तत्वावधान में तृतीय राज्य स्तरीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर न्यू भूपालपुरा स्थित सीपीएस स्कूल में कूडो ओपन चैम्पियनशिप के साथ ही सम्पन्न हुआ।

शिविर में जहां राज्य के 10 शहरों के 250 बालक-बालिकाओं एवं महिला-पुरूषों ने भाग लिया, वहीं अन्तिम दिन आयोजित चेम्पियनशिप प्रतियोगिता में उदयपुर की टीम ने 35 गोल्ड, 42 सिल्वर एवं 26 ब्रॉन्ज मेडल के साथ ट्रॅाफी पर कब्जा किया। रनर अप बीकानेर की टीम रही जिसने 11 गोल्ड, 8 सिल्वर एवं 18 ब्रॉन्ज मेडल जीते।
सीपीएस स्कूल में आयोजित समापन समारोह को संबोधित करते हुए कूडो इन्टरनेशनल फेडरेशन ऑफ इण्डिया के मुख्य प्रशिक्षक एवं चेयरमेन सोशिहान मेहुल वोरा ने कहा कि विश्व में 1988 में प्रचलित हुई इस कूडो मार्शल आर्ट को वर्ष 2011 में देश में अक्षयकुमार ले कर आये, जिन्होंने इसे देश के विभिन्न शहरों तक पंहुचा दिया। यह आत्मरक्षा की बहुत ही कारगर कला है। मार्शल आर्ट में कूडो एक क्रान्ति ले कर आया। वर्ष 2013 में विश्व खेल संगठन ने इसे विश्व के खेलों में शामिल किया और अब इसे ओलम्पिक में शामिल किये जाने के प्रयास किये जा रहे है।
उन्होंने कहा कि देश में अब तक 40 हजार से अधिक महिलाओं को इस कला की आत्मरक्षा के लिए निःशुल्क ट्रेनिंग दी गई है। शीघ्र ही भारत पहली बार मुंबई में वर्ल्ड कप कूडो का आयोजन करने जा रहा है जिसमें विश्व के अनेक देश भाग लेंगे। मुख्य अतिथि बीएसएफ के कमाण्डेड अन्तसिंह शेखावत ने कहा कि कोई भी प्रतियोगिता सिर्फ अनुशासन से ही जीती जा सकती है। इसलिये जीवन में अनुशासन होना बहुत आवश्यक है। विशिष्ठ अतिथि सीपीएस की निदेशक अलका शर्मा ने कहा कि यह एक सी कला है जो जीवन में बहुत काम आती है।
कूडो राजस्थान के चेयरमेन एवं 6 डिग्री ब्लैकबेल्ट अन्तर्राष्ट्रीय मुख्य प्रशिक्षक रेन्शी राजकुमार मेनारिया ने बताया कि उदयपुर में खेल को प्रोत्साहित करने में अलका शर्मा के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। सीपीएस ने खेल को एक नया मुकाम दिया है। खेल के लिए सीपीएस मातृभूमि कहना कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। इस अवसर पर कूडो खिलाड़ियों ने अतिथियों के सामने लाइव प्रदर्शन किया।
मेनारिया ने बताया कि चेम्पियनशिप में जोधपुर ने 6 गोल्ड, 9 सिल्वर एवं 19 ब्रॉन्ज, जयपुर ने 7 गोल्ड, 3 सिल्वर एवं 2 ब्रॉन्ज, बाडमेर ने 2 गोल्ड, 1 सिल्वर व 3 ब्रॉन्ज, अलवर ने 7 गोल्ड, 4 सिल्वर एवं 10 ब्रॉन्ज तथा धोलपुर ने 2 गोल्ड, 1 सिल्वर मेडल जीते। चेम्पियनशिप में बेस्ट फाइटर का खिताब उदयपुर के प्रीतम राठौड़ एवं बीकानेर के करण व्यास ने जीता।
समारोह को हान्शी परसी बहमानी, जेल अधीक्षक प्रीता भार्गव, महिला थानाधिकारी चेतना भाटी, समाजसेवी मोतीलाल डांगी, स्वामी आनन्द मेत्रेय एवं मां भावना ने भी संबोधित किया। अंत में सचिव प्रीतम सेन आभार जताया। संचालन योगेश पगारिया ने किया।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *