मजबूत सड़क तंत्र से होगी राजस्थान की कायापलट : मोदी

BY — August 29, 2017

15 हजार 100 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

उदयपुर। वीर भूमि मेवाड़ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को जब 15 हजार 100 करोड़ रुपये की सड़क विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। खेलगांव में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री ने एक साथ इतने विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास को राजस्थान के इतिहास को अद्भुत घटना बताया और कहा कि जो शिलान्यास आज हुए हैं वे कार्य निर्धारित समय में पूरे होंगे जिसमें राजस्थान की कायापलट होकर रहेगी।

प्रधानमंत्री ने कोटा में चम्बल नदी पर बने 6 लेन केबल हैंगिंग ब्रिज, गोमती चौराहा से उदयपुर 4 लेन, राजसमंद-भीलवाड़ा 4 लेन सहित राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल 5 हजार 610 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। समारोह में प्रधानमंत्री ने 1668 करोड़ की लागत से बनने वाले जयपुर के रिंग रोड, 1249 करोड़ रुपये की लागत के बर-बिलाड़ा-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के 4 लेन कार्य सहित 9 हजार 490 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
टूरिज्म राजस्थान की ताकत
प्रधानमंत्री ने टूरिज्म को राजस्थान की एक बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि राजस्थान के हर कोने में पर्यटकों को आकर्षित करने की नैसर्गिक क्षमता है। दुनिया का हर पर्यटक झीलों की नगरी उदयपुर, धार्मिक नगरी पुष्कर और जैसलमेर के धोरों को देखने आता है। यहां श्रीनाथजी और एकलिंगजी की कृपा बरसती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सड़कों का जो जाल बिछ रहा है उसका सीधा फायदा यहां के पर्यटन को मिलेगा और इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री ने वीरभूमि मेवाड़ के महानायकों वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप, भक्तिमती मीरा बाई, झाला मान, भामाशाह, हकीम खां सूर, पन्नाधाय, पाथल और पीथल को नमन किया।
बन रहा सशक्त और समर्थ राजस्थान : मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने राजस्थान के विकास में आगे बढ़कर सहयोग करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार एक नये भारत का निर्माण कर रही है। उनकी दूरगामी सोच और मजबूत इरादों से हमारा देश विश्व शक्ति के रूप में उभरा है। टीम इंडिया के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में टीम राजस्थान एक ऐसा सशक्त और समर्थ राजस्थान बना रही है जिसमें हर वर्ग खुशहाल हो।
नहीं रोक पाईं विधायक कीर्ति कुमारी के निधन का दर्द
मांडलगढ़ विधायक कीर्ति कुमारी के निधन का दर्द मुख्यमंत्री राजे नहीं रोक पाईं। उन्होंने बड़े दुःख के साथ भरी आवाज में कहा कि आज विधायक कीर्ति कुमारी होती तो इस सभा में हमारे बीच जरूर उपस्थित रहती। उन्होंने कहा कि विधायक कीर्ति कुमारी को भी मैंने प्रधानमंत्रीजी की सभा की जिम्मेदारी दी थी लेकिन अफसोस है कि उनका स्वर्गवास हो गया। वे एक लोकप्रिय विधायक थीं जो अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान कराने के लिए हर वक्त तत्पर रहती थीं।
मुख्यमंत्री ने स्व. सांसद प्रो. सांवरलाल जाट को भी इस अवसर पर याद करते हुए कहा कि वे एक बड़े किसान नेता थे। उन्होंने केन्द्र और राज्य में मंत्री रहते हुए देश-प्रदेश हित में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से हमें अपूरणीय क्षति हुई है। श्रीमती राजे ने राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन श्री शम्भूदयाल बड़गूजर के निधन पर भी दुख व्यक्त किया।
3 साल में दुगुने हुए राष्ट्रीय राजमार्ग : केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि राजस्थान में बीते तीन साल में नेशनल हाइवे से संबंधित जितने काम हुए हैं उतने 50 सालों में भी नहीं हुए थे। प्रदेश में पहले मात्र 35 राष्ट्रीय राजमार्ग थे जो अब दोगुने से भी अधिक बढ़कर 85 हो गए हैं। पिछले तीन सालों में हमने 10 हजार 430 करोड़ रुपये की 44 बड़ी परियोजनाओं का काम पूरा किया है। गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कार्यक्रम की शुरूआत में प्रधानमंत्री एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि पिछले 3 सालों में मेवाड़ को 3300 करोड़ रुपये की सौगातें मिली हैं।
ये रहे उपस्थित : राज्यपाल कल्याण सिंह, केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री पीपी चौधरी, केन्द्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सीआर चौधरी, जनजाति क्षेत्र विकास मंत्री नंदलाल मीणा, सार्वजनिक निर्माण मंत्री श्री यूनुस खान, उच्च शिक्षा मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी, नगरीय विकास मंत्री श्री श्रीचंद कृपलानी, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री धनसिंह रावत, पीएचईडी राज्यमंत्री सुशील कटारा सहित राज्य मंत्री परिषद के सदस्य, सांसद श्री अर्जुन लाल मीणा, सीपी जोशी, श्री हरिओम सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *