फतहसागर पाल पर फिश एक्वेरियम का लोकार्पण

BY — October 21, 2017

उदयपुर में पर्यटकों के लिए एक और आकर्षण

उदयपुर। गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने शनिवार को उदयपुर में फतहसागर की पाल पर नगर विकास की ओर से सवा दो करोड़ की लागत से नवनिर्मित 125 मीटर लंबे आकर्षक फिश एक्वेरियम का लोकार्पण कर नये पर्यटन स्थल की सौगात दी। प्रथम चरण में यहां 156 तैयारियों की मछलियां प्रदर्शित की गई है जो देश विदेश के पर्यटकों को लुभाएंगी। कटारिया ने उद्घाटन पट्टिका का अनावरण व फीता काटकर एक्वेरियम का विधिवत लोकार्पण किया।

विभूति पार्क का मार्ग प्रशस्त : कटारिया ने कहा कि लंबे अरसे से रुका हुआ विभूति पाक अब मूर्त रुप ले सकेगा। कानूनी तौर पर यहां मूर्तियां लगाने के कार्य को हरी झंडी मिल गई है। उन्होंने बताया कि स्वाधीनता आंदोलन में सराहनीय योगदान देने वाले विजय सिंह पथिक, गोविंद गुरु, केसरीसिंह बारहठ जैसी विभूतियों की मूर्तियां यहां लगाना प्रस्तावित है।
आयड़ सौदर्यीकरण बड़ी उपलब्धि : गृह मंत्री ने कहा कि उदयपुर में लंबे समय से लंबित आयड़ नदी सौदर्यीकरण का बड़ा कार्य अब शुरू होने के बाद 1 सप्ताह में ही उत्साहजनक परिणाम दिखने लगे हैं। देवास तृतीय एवं चतुर्थ चरण को भी मूर्त रूप देकर आयड़ के वर्षपर्यंत बहने का सपना साकार करने के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
विकास के क्षेत्र में अग्रणी होगा उदयपुर
श्री कटारिया ने कहा कि उदयपुर विकास के आधार पर निश्चय ही विश्व का नंबर वन शहर बनेगा। उन्होंने 10 करोड़ का साइंस पार्क, खेलगांव में कंवेंशन हॉल, क्रिकेट मैदान निर्माण, मल्टीपर्पज स्टेडियम, अहमदाबाद से दिल्ली सीधा रेल मार्ग अजमेर भीलवाड़ा उदयपुर रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन, रेलवे अंडरपास, ओवर ब्रिज सहित कई उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आगामी दिसंबर 2020 तक सभी कार्य उदयपुर को विकास के क्षेत्र में सिरमौर बनाएंगे ।
स्वच्छ स्वस्थ एवं स्मार्ट हो उदयपुर : उदयपुर मेयर चन्द्रसिंह कोठारी ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ स्मार्ट उदयपुर के लक्ष्य को लेकर नगर निगम व नगर विकास न्यास अग्रणी प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्वच्छता के संकल्प को पूरा करने के लिए सहयोग की महती आवश्यकता बताई ।
रात्रिकालीन पर्यटन की कमी होगी पूरी : नगर विकास प्रन्यास के अध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली ने कहा कि फिश एक्वेरियम की स्थापना से रात्रिकालीन पर्यटन की ओर कदम बढ़ाया गया है। उन्होंने उदयपुर के सुनियोजित विकास एवं पर्यटकों को पूर्ण सूकून के प्रयासों का भरोसा दिलाया। स्वागत उद्बोधन में संचालक एजेंसी के कैलाश खंडेलवाल ने बताया कि एक्वेरियम का कार्य 4 माह पूर्व ही पूरा कर दिया गया है द्वितीय चरण में डिजिटल वर्ल्ड, कैफेटेरिया आदि के आधार पर इसे वर्ल्ड क्लास स्तर पर लाने की योजना है वर्तमान में यहां 156 जातियों की मछलियां प्रदर्शित की गई है।
प्रन्यास ने सवा दो करोड़ रुपए की लागत से इसे किया है जिसे सवा दो लाख प्रतिमाह के कांट्रेक्ट पर दिया गया है। यह एक्वेरियम सौ रुपए प्रति व्यक्ति टिकट पर सुबह 8 से रात्रि 11 बजे तक आमजन के अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेगा। इस अवसर पर समाजसेवी एवं पार्षद गजेंद्र जैन, अतुल चंडालिया, एमपीयूएटी के कुलपति उमाशंकर शर्मा, अधिशासी अभियंता मुकेश जानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं शहरवासी मौजूद थे।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *