घर घर महावीर-हर घर महावीर

BY — March 29, 2018

महावीर जयंती: भव्य शोभायात्रा, दुपहिया वाहन रैली रही मुख्य आकर्षण, साफे बांध महिलाएं हुई शामिल, सभी वाहनों पर लगे जैन ध्वज

उदयपुर। त्रिशलानंदन वीर की. . जय बोलो महावीर की.., वंदे वीरम. ., एक दो तीन चार-महावीर की जय जयकार के नारों से झीलों की नगरी गूंज उठी। पूरा शहर मानों महावीरमय हो गया था। मौका था श्रमण भगवान महावीर के 2617 वें जन्म कल्याणक महोत्सव पर महावीर जैन परिषद के बैनर तले गुरुवार को शहर में भव्य शोभायात्रा का। शोभायात्रा में 20 हजार से अधिक धर्मावलम्बियों ने हिस्सा लेकर इसे ऐतिहासिक बना दिया।

परिषद के मुख्य संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि समाजभूषण किरणमल सावनसुखा एवं तपोनिधि अलंकरण से सम्मानित जीवनसिंह-लीलादेवी मेहता ने ध्वजारोहण किया। विजयलक्ष्मी गलुण्डिया एवं सोनल सिंघवी की टीम ने ध्वज वंदन की गीतिका प्रस्तुत की।
सम्मान: समाजसेवी नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक कैलाशचन्द्र मानव एवं मेयर चन्द्रसिंह कोठारी का परिषद के संयोजक फत्तावत, कोषाध्यक्ष कुलदीप नाहर, सहसंयोजक गणेशलाल मेहता, विनोद भोजावत, यशवंत आंचलिया, शांतिलाल नागदा आदि ने मेवाड़ी पगड़ी, माल्यार्पण, शॉल एवं उपरणा ओढ़ा स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। इसके बाद सुबह ठीक 8.30 बजे नगर निगम से शोभायात्रा आरंभ हो गई और करीब 11.30 बजे वापस नगर निगम प्रांगण पहुंची।
वाहन रैली: शोभायात्रा में दुपहिया वाहन रैली में 1000 से अधिक वाहन द्वारा रैली निकालकर जैन युवाओं ने इतिहास रच दिया। रैली संयोजक चिराग कोठारी ने बताया कि रैली में 900 युवक व करीब 500 युवतियों ने भाग लिया। रैली में हमारे पचरंगी ध्वज को सभी यूथ द्वारा प्रत्येक वाहन पर लगाया गया साथ ही 50 बड़े ध्वज को युवाओं द्वारा पूरी रैली में लहरा कर जैन एकता का उदाहरण दिया। इस अवसर पर युवाओं द्वारा चैराहों पर जैन चिन्ह, स्वस्तिक आदि आकार भी बनाए। साथ ही युवतियों द्वारा वी आर वन को टारगेट कर एकता का संदेश पूरे शहर में दिया। रैली के दौरान सभी यूथ द्वारा जय महावीर, घर घर महावीर-हर घर महावीर आदि नारे पूरे शहर में लगाकर भगवान महावीर के जन्म का त्यौहार बनाया गया। सभी युवाओं ने क्रमशः अपनी पंक्ति का ध्यान रखकर पूरे शहर को अनुशासन व एकता का प्रतीक दिया।
सबसे आगे शोभायात्रा को एस्काॅर्ट करती तीन जीपों में आर्मी की ड्रेस में बच्चों ने सैनिकों के आमजन के साथ होने का संदेश दिया। एक जीप को सुनीता जैन खुद चला रही थीं और उनकी जीप में लड़कियां आर्मी की ड्रेस पहने शामिल हुईं। एक अन्य जीप को धर्मेश नवलखा चला रहे थे। इसके पीछे युवा हाथ में बड़े-बड़े जैन ध्वज लिए चल रहे थे। रैली के पीछे घोड़े थे जिन पर बड़ा जैन ध्वज लिए समाजजन विराजित थे। फिर महावीर जैन परिषद का बैनर और इसके ठीक पीछे सप्तकिरण रथ अपनी अलग महिमा बिखेर रहे थे।
झांकियां : शोभायात्रा में कुल 19 झांकियों ने हिस्सा लिया वहीं तीन बैण्ड ने अपनी धुनों से शहरवासियों का ध्यान आकृष्ट किया। इसके बाद महावीर विद्या मंदिर के छात्र दो-दो की कतार में चल रहे थे। इनके पीछे दिगम्बर जैन बालिका विद्यालय की छात्राएं अपने बैण्ड से शोभायात्रा को अपने बैंड की मधुर धुनों से आल्हादित कर रही थीं। इनके पीछे जवाहर जैन शिक्षण संस्था से. 11 के बच्चे अपने हाथों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत, बाल विवाह रोको, पेड़ लगाओ-समृद्धि लाओ आदि की तख्तियां लिए चल रहे थे। श्री जैन अग्रवाल बाल मंदिर विद्यालय के बच्चों के पीछे उंटगाड़ी में झांकी सजाई गई थी। उंटगाड़ी को गुब्बारों से सजाया गया था। दिगम्बर जैन चित्तौड़ा महिला मंडल की सदस्याएं पीले रंग की एक जैसी साड़ियों में पैदल चल रही थीं वहीं इनके पीछे ही बीसा नागदा जैन समाज की झांकी थी। पुरुष श्वेत परिधान में शामिल हुए। इनके पीछे एक जेसी लाल रंग की साड़ी और हरे रंग के ब्लाउज में संगठन की सदस्याएं किसी परेड का आभास करा रही थीं। पुरुष श्वेत परिधान के उपर नारंगी रंग की कोठि पहने थे। केसरियाजी दशा नरसिंहपुरा मित्र मंडल की सेवा एवं परोपकार को लेकर झांकी सजाई गई थी। राष्ट्रीय जैन एकता मंच की माॅडर्न बहू को लेकर झांकी थी। दिगम्बर जैन बीसपंथ पारसनाथ महिला मंच की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को लेकर झांकी सजाई गई थी। पाश्र्वनाथ दिगम्बर जैन महिला मंच की सदस्याएं लाल रंग की एक समान साड़ियों में डांडिया खेलते चल रही थीं। दिगम्बर जैन बीसा नरसिंहपुरा नवयुवक मंडल के युवा बैण्ड पर भक्ति धुन बजा रहे थे। इनके पीछे जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, युवक परिषद और प्रोफेशनल फोरम के सदस्य नीली टोपी लगाकर पैदल चल रहे थे। श्री जैन नीति नवयुवक बैण्ड मंडल के युवा हर वर्ष की भांति इस बार भी सफेद परिधान पर नीले रंग का उपरणा धारण किए बैण्ड पर आमजन को लुभा रहे थे। तीसरा बैण्ड नरसिंहपुरा समाज के युवाओं का था।

समता महिला समिति, समता युवा संघ के कार्यकर्ता जय गुरु नाना-जय गुरु राम के उपरणा ओढ़े साथ चल रहे थे। खाने की बर्बादी को लेकर युवा आर्मी द्वारा बैनर के माध्यम से खाना वेस्ट नहीं करने की सलाह दी जा रही थी। श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक जिनालय समिति सेक्टर 4, वर्धमान स्थानकवासी जैन श्राविका संघ की महिला कार्यकर्ता केसरिया चूनड़ पहनकर डांडिया करते हुए शामिल हुई। जैन प्रगति महिला मंच नागदा समाज की कार्यकर्ताओं ने सिर पर तीर्थंकरों की प्रतिमाएं ली हुई थी। पंचरंगी साफे और गुलाबी साड़ी पहने वर्धमान स्थानकवासी नवकार बहु मंडल की महिला कार्यकर्ताएं पूरी शोभायात्रा में आकर्षण का केन्द्र बनी हुई थीं। जागृति महिला मंच की कार्यकर्ताओं ने भी पूरे रास्ते डांडिया किया। श्री दिगम्बर जैन महासमिति महिला संभाग की महिलाएं भी एक जैसी ड्रेस कोड में थीं वहीं बड़ी सादड़ी जैन मित्र मंडल के कार्यकर्ता पीले रंग के टीशर्ट में अपनी अलग ही आभा बिखेर रहे थे। महावीर चैत्यालय महिला परिषद की महिलाएं गुलाबी रंग की चूनड़ पहने थीं। जवाहर जैन शिक्षण संस्था से. 11 की पर्यावरण को लेकर सजाई गई झांकी काफी आकर्षक रही।
बेटियों को मिला सम्मान : जुलूस का मुख्य आकर्षण दुपहिया वाहनों पर युवतियां रहीं जिन्होंने दुपहिया वाहन चलाकर शोभायात्रा में अपनी भूमिका निभाई।
रूट : शोभायात्रा टाउनहॉल से रवाना हुई जो बापू बाजार, देहलीगेट, भूपालवाड़ी, भड़भूजा घाटी, बड़ा बाजार, घंटाघर, मोती चोहट्टा, हाथीपोल, अश्विनी बाजार होते हुए वापस नगर निगम प्रांगण पहुंची।
शीतल पेय, आइसक्रीम: शोभायात्रा के पूरे मार्ग में स्टॉलें लगाकर शीतल पेय आदि का वितरण किया गया। विशेष तौर से बापू बाजार, देहलीगेट, भूपालवाड़ी में, भड़भूजा घाटी, बड़ा बाजार, घंटाघर आदि स्थानों पर शोभायात्रा के लोगों को रोक रोककर शीतल पेय से गर्मी दूर करने का आग्रह करते नजर आए।

रैली को एस्कॉर्ट: इसका जिम्मा जैन जागृति सेंटर के अध्यक्ष राजेश मेहता एवं महामंत्री सुधीर चित्तौड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संभाला।
जुलूस व्यवस्था: एक जैसे टीशर्ट पहने जैन जागृति सेंटर के सौ से अधिक कार्यकर्ता अध्यक्ष राजेश मेहता एवं सुधीर चित्तौड़ा के नेतृत्व में लक्ष्मण शाह, अभिषेक संचेती, दीपक सिंघवी, सुनील मारू, चन्द्रप्रकाश चोरडिया, अशोक कोठारी, मनीष गलुण्डिया व पदाधिकारियों के साथ वॉकी-टॉकी के माध्यम से सम्पूर्ण शोभायात्रा का बखूबी संचालन किया। महावीर जैन परिषद के मुख्य संयोजक राजकुमार फत्तावत ने जिला एवं पुलिस प्रशासन, मीडिया के प्रति आभार जताया।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *