स्वास्थ्य, शिक्षा से लेकर हर क्षेत्र में राजस्थान अव्वल : मुख्यमंत्री

BY — January 5, 2023

जॉब फेयर में मिला 9.24 लाख रूपए का अधिकतम पैकेज
मुख्यमंत्री ने मेगा जॉब फेयर का किया अवलोकन, युवाओं को दिए ऑफर लैटर
जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान देश में युवाओं को निजी और सरकारी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध करवाने वाला अग्रणी राज्य है। राज्य सरकार द्वारा 3 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने का कार्य किया जा रहा है। वहीं निजी क्षेत्र में भी राज्य सरकार की नीतियों से निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना है तथा बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के आकड़ों के अनुसार राजस्थान 11.04 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि दर के साथ देश में दूसरे स्थान पर है।

गहलोत गुरूवार को उदयपुर के जोनल रेलवे टेªनिंग ग्राउंड में आयोजित मेगा जॉब फेयर के अन्तिम दिन युवाओं को संबोधित कर रहे थे। यहां मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद किया एवं रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को ऑफर लैटर प्रदान किए। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित इन्वेस्ट राजस्थान समिट में 11 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं। इनसे लगभग 10 लाख रोजगार उत्पन्न होने की संभावना है।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मिलेंगे 500 रूपए में गैस सिलेण्डर: मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश बढ़ती महंगाई से परेशान है। राजस्थान की जनता को महंगाई की मार से राहत पहुंचाने और रसोई का खर्च कम करने के लिए राज्य सरकार उज्जवला योजना के लाभार्थियों, बीपीएल एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अप्रेल से 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएगी, ताकि उन्हें आर्थिक सम्बल मिल सके।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी राजस्थान: मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र की योजनाओं से राज्य देश मंे मॉडल स्टेट बना है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 10 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज कराया जा रहा है। हार्ट, लीवर, किडनी ट्रांसप्लांट, कोक्लियर इम्प्लांट में सम्पूर्ण खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है।
शिक्षा में निरंतर आगे बढ़ रहा राज्य: गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान निरंतर आगे बढ़ रहा है। राज्य में 211 कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें 94 गर्ल्स कॉलेज हैं। 500 बालिकाओं के नामांकन पर कॉलेज खोलने का निर्णय राज्य सरकार ने किया है।

राजसील पोर्टल का लोकार्पण: गहलोत ने राजसील एकल खिड़की पंजीकरण व्यवस्था एवं जॉब प्लेटफॉर्म का लोकार्पण किया। यह पोर्टल युवाओं की सम्पूर्ण डिजिटल प्रोफाइलिंग के लिए एक सार्थक पहल है। इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के समस्त युवाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्रदान कराए जाएंगे। यह प्लेटफॉर्म सभी प्रकार की नौकरियों के अवसर खोज कर आवेदन करने के लिए 365 दिन उपलब्ध रहेगा। वन टाइम रजिस्टेशन के द्वारा राजसील पोर्टल के माध्यम से डिजिटल आईडी कार्ड भी जारी किया जाएगा, जिससे व्यक्तिगत डिजिटल प्रोफाइल बनाई जाएगी। इस प्रोफाइल का उपयोग कर युवा कहीं से भी रोजगार के लिए आवेदन कर सकेंगे एवं पोर्टल के माध्यम से युवाओं को समय-समय पर उनकी योग्यतानुसार नौकरियों के अवसरों की सूचनाऐं भी प्राप्त हो सकेंगी। इस अवसर पर राजसील पोर्टल के संचालन एवं संधारण के लिए यस बैंक के साथ एमओयू किया।
कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता राज्य मंत्री अशोक चांदना, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री अर्जुन सिंह बामणिया और पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणाकरी योजनाओं की सराहना की तथा युवाओं के लिए रोजगार के लाखों अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
उदयपुर में आयोजित इस राजस्थान मेगा जॉब फेयर में 70 से अधिक नियोक्ता संस्थानों ने भाग लिया। फेयर में 45 हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण करवाया, 10 हजार से अधिक युवाओं को साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। साथ ही 3500 से अधिक युवाओं को मौके पर ही जॉब ऑफर लेटर सौंपे गए। संदीप कुमार को गीतांजली मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल की ओर से 9.24 लाख रूपए का पैकेज मिला है। मुख्यमंत्री ने नियोक्ता संस्थाओं व कंपनियों की स्टॉल्स का अवलोकन किया तथा वहां उपस्थित अभ्यर्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने नियोक्ता कम्पनियों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। युवाओं ने जॉब फेयर के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया तथा उनके साथ सेल्फी भी ली।
इस अवसर पर वल्लभनगर विधायक प्रीति शक्तावत, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रौन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत, पूर्व सांसद रघुवीर मीणा, पूर्व मंत्री मांगीलाल गरासिया, शासन सचिव कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग पीसी किशन, प्रबंध निदेशक आरएसएलडीसी रेणू जयपाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, हजारों की संख्या में आए युवा एवं जनसमूह उपस्थित रहा।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *