180 करोड़ की नई सीवरेज लाइन से 14 वार्ड होंगे लाभान्वित

BY — June 22, 2023

असम के राज्यपाल कटारिया और नगरीय विकास मंत्री धारीवाल ने किया शिलान्यास
उदयपुर। असम के राज्यपाल महामहिम गुलाब चंद कटारिया और राज्य के स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने गुरुवार सुबह उदयपुर शहर को एक महत्वपूर्ण सौगात दी। आज सुबह नगर निगम के तत्वावधान में शहर के हिरण मगरी क्षेत्र स्थित आवरी माता मंदिर के पास सामुदायिक केंद्र परिसर से 180 करोड़ रुपए की नई सीवरेज लाइन के कार्य का पूजा-अर्चना एवं शिलान्यास कर विधिवत शुभारंभ किया। शहर के 14 वार्डों के लिए होने वाला यह कार्य 24 महीने में पूर्ण होगा जिससे शहर के बड़े हिस्से को राहत मिलेगी।

उदयपुर को बनाएं पर्यटन में नंबर वन -कटारिया
कटारिया ने नगरीय विकास मंत्री से आह्वान किया कि सीवरेज कार्य के लिए स्वीकृत बजट में से शेष 25 करोड़ रुपयों के बजट से वंचित वार्डों में भी सीवरेज कराया जाए तो ज्यादा से ज्यादा शहरवासियों को लाभ प्राप्त हो पाएगा। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयास करते हुए उदयपुर को पर्यटन के क्षेत्र में नंबर वन स्थान पर ले जाना है। उन्होंने शहर में छोटे-छोटे 3-4 फ्लाईओवर बनाने की जरूरत बताते हुए पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रयास करने की बात कही।

कार्य पूर्ण होने पर 72.69 प्रतिशत हो जाएगा शहर में सीवरेज का कवरेज
मंत्री शांति धारीवाल ने मंच से कहा कि राज्य में अमृत 2.0 योजना के तहत विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने उदयपुर में होने जा रहे सीवरेज लाइन के कार्य की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि अमृत 2.0 के फेज प्रथम के तहत 180.53 करोड़ रुपए की लागत से शहर के 14 वार्डों में 152 किमी सीवरेज लाइन कार्य किया जाएगा जिससे 18,620 सीवरेज कनेक्शन हो सकेंगे।
कार्यक्रम को महापौर जीएस टाक, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त जगदीश श्रीमाली और निर्माण समिति अध्यक्ष तारा चंद जैन ने भी संबोधित किया। इस दौरान नगर निगम पार्षद और लाभांवित वार्डवासियां की तरफ से अतिथियों का सम्मान भी किया गया।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *