Tue, September 29, 2026
Header Banner

72 घंटे में जलापूर्ति के निर्णय पर विधायक जैन की अधिकारियों से चर्चा

BY — September 29, 2026

48 घंटे में ही पानी सप्लाई हो, जलदाय विभाग के अधिकारियों ने दिया भरोसा

​उदयपुर। शहर में जलदाय विभाग द्वारा हाल ही में 72 घंटे में एक बार जलापूर्ति करने के निर्णय को लेकर मंगलवार को उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन की अध्यक्षता में जल विभाग के अधिकारियों और नगर निगम के भाजपा पार्षदों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक ताराचंद जैन ने जल विभाग के अधिकारियों से 72 घंटे में जलापूर्ति करने के निर्णय पर विस्तार से चर्चा की और आगामी त्यौहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए शहरवासियों की सुविधा के लिए वर्तमान में जारी 48 घंटे के अंतराल वाली व्यवस्था को ही निरंतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 48 घंटे में जलापूर्ति का जो अंतराल चल रहा है, उसी को बरकरार रखा जाए ताकि आमजन को पानी की किल्लत और परेशानी न हो।

जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता रवीन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि इस बार पर्याप्त बारिश नहीं होने से पानी की संभावित कमी को देखते हुए जलापूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए जल उत्पादन में कटौती आवश्यक थी, जिसके तहत 72 घंटे के अंतराल पर जलापूर्ति का निर्णय लिया गया था।
​विधायक द्वारा त्यौहारों को देखते हुए 48 घंटे में ही सप्लाई जारी रखने के निर्देश दिए जाने पर अधीक्षण अभियंता रवीन्द्र कुमार चौधरी ने शहर विधायक को आश्वस्त किया कि विभाग एक तकनीकी टीम गठित कर इस पर प्रभावी कार्रवाई करेगा और शहरवासियों को 48 घंटे के अंतराल में ही जलापूर्ति प्रदान करने का हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि त्यौहारों के इस सीजन में शहरवासियों को पानी की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में अत्यधिक आवश्यकता पड़ी, तभी 72 घंटे में एक बार पानी देने का आह्वान किया जाएगा। बैठक में ​अधीक्षण अभियंता रवीन्द्र कुमार चौधरी, ​अधिशाषी अभियंता (नगर खण्ड प्रथम) जेराराम,​अधिशाषी अभियंता (नगर खण्ड द्वितीय) सृष्टि मेनारिया के साथ-साथ ​जल विभाग के समस्त सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता के साथ – साथ पार्षदों में आकाश वागरेचा, यशवंत आंचलिया, पंकज बोराणा, नरेश वैष्णव, दीपक नागदा, कुंदन चौहान, शंकर कसेरा, लोकेश साहू, निधि गोदा, कुलदीप मेहता, सतीश शर्मा, राजेंद्र परिहार, मनोज साहू, राजेंद्र खगरेचा, वीरेंद्र सिसोदिया, रचना शर्मा, निशा सालवी, वंदना प्रजापत आदि उपस्थित रहे।

​जल स्रोतों के संवर्धन एवं वैकल्पिक व्यवस्था पर चर्चा

​बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता रवीन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि बड़ी झील से पटेल सर्कल तक पानी लाने, जयसमंद योजना की पुरानी व जीर्ण-शीर्ण पाइपलाइन को बदलने, कुएं, बावड़ियों से जल उत्पादन बढ़ाने तथा नवीन नलकूपों के निर्माण आदि के प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय जयपुर भेजे गए हैं। इस पर विधायक ताराचंद जैन ने आश्वासन दिया कि वे इन प्रस्तावों को सरकार से शीघ्र से शीघ्र स्वीकृत कराकर लाएंगे।
​जल संरक्षण और नियमित निगरानी के निर्देश
बैठक में विधायक ताराचंद जैन ने अधिकारियों को शहर के सभी क्षेत्रों में समान एवं सुचारू जल वितरण सुनिश्चित करने, लीकेज रोकने, अवैध जल कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें हटाने तथा जल के अनावश्यक अपव्यय को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आमजन से जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की और जल संरक्षण हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया।

*पुराने जल स्रोतों को पुन चालू करने के निर्देश*
इस मौके पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने पुराने जल स्रोतों जैसे नलकूप, हैंडपंप, बावड़ियों और पनघटों को पुनः चालू कर जल उत्पादन बढ़ाने निर्देश दिए।

​

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.