उदयपुर। पैसिफिक विश्वविद्यालय मे अंतरमहाविद्यालय पावर लिफ्टिंग एवं वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन पावर हेल्थ सेंटर, मीरा पार्क, उदयपुर में किया जा रहा है। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के सचिव डॉ. हेमराज चौधरी एवं राजस्थान वेट लिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष कमलेश शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में रेलवे स्पोर्ट्स बोर्ड की अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग खिलाड़ी अलीशा, अंतरराष्ट्रीय एशियन चैंपियन खिलाड़ी दिव्यांश सोनी तथा कॉमनवेल्थ चैंपियन खिलाड़ी मीर सोनी मौजूद रहे।
इस अवसर पर पाहेर विश्वविद्यालय क्रीड़ा मंडल की डॉ. नीलम यादव, तीर्थपाल सिंह, डॉ. नरेंद्र शर्मा, चंद्रेश सोनी, जय सिंह एवं गिरीश उपाध्याय ने अतिथियों का पगड़ी एवं उपरणा पहनाकर अभिनंदन किया।
आयोजन सचिव अनुक्रमण सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन पावर लिफ्टिंग स्पर्धा में विश्वविद्यालय के 80 पुरुष एवं महिला पावर लिफ्टरों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से वेट लिफ्टिंग एवं बेस्ट फिजीक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प एवं शारीरिक फिटनेस विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।