Header Banner

विश्व की विंटेज कारों में मेवाड़ की रॉल्स रॉयस सिरमौर

BY — August 22, 2012

 ‘1924 रॉल्स रॉयस 20 एचपी, बारकर ट्योरर’ ने कैलिफॉर्निया में जीती ल्यूकस बीब ट्राफी

udaipur. शहर के ऐतिहासिक सिटी पैलेस के जनाना महल के कोने में वर्षों से रखी विंटेज कार ‘1924 रॉल्स रॉयस 20 एचपी, बारकर ट्योरर’ (जीएलके 21) में अमेरिका के कैलिफॉर्निया प्रांत के पेबल बीच में आयोजित दुनिया भर की विंटेज कारों की प्रतियोगिता में प्रथम आई है।

इस ऐतिहासिक शानदार कार को प्राप्त सम्मान को एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स के चेयरमेन अरविंद सिंह मेवाड़ ने स्वयं प्राप्त किया। पेबल बीच गोल्फ कोर्स में गत 16 अगस्त से आयोजित समारोह में विश्व के विंटेज कारों के जानकार चुनिंदा जजों के पैनल ने उदयपुर की इस ऐतिहासिक एवं विंटेज कार को प्रथम पुरस्कार स्वरूप ल्यूकस बीब ट्राफी प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि पेबल बीच में वर्षों से विंटेज कारों की प्रतियोगिता आयोजित होती है। जिसमें कारें रैंप पर जलवे बिखेरती है। इस वर्ष हिंदुस्तान से केवल उदयपुर के मेवाड़ घराने से विंटेज कार ‘1924 रॉल्स रॉयस 20 एचपी, बारकर ट्योरर’ (जीएलके 21) को प्रतियोगिता का निमंत्रण मिला था। विभिन्न देशों से आई सैकड़ों कारों में मेवाड़ की इस शाही गाड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्व में एक बार पुन: उदयपुर शहर का परचम लहराया। ट्रॉफी प्राप्त करने के पश्चात मेवाड़ ने कहा कि वर्तमान में शानो-शौकत से भरपूर विंटेज कारों का महत्व आधुनिक कारों से कहीं अधिक है। उन्होंने इस कार के रखरखाव के लिए विदेशी इंजीनियरों के साथ सिटी पैलेस के रॉयल गैराज के अतिरिक्त पैलेस के विंटर एण्ड क्लासिक कार कलेक्शन की संपूर्ण टीम को बधाई देते हुए इस श्रेय का हिस्सेदार बताया।
विंटेज कार ‘1924 रॉल्स रॉयस 20 एचपी, बारकर ट्योरर’ (जीएलके 21) :
वर्षों से जनाना महल के कोने में रखी इस कार को वर्ष 1999 में श्रीजी अरविंद सिंह मेवाड़ ने पुन: संग्रहण के लिए चुना। इसके लिए विख्यात रॉल्स रॉयस कारों के एक्सपर्ट ग्राहम एस्ले कार्टर ने चुनिंदा इंजिनियरों एवं पैलेस के विंटर एण्ड क्लासिक कार कलेक्शन की टीम के साथ मिलकर आठ वर्षों तक कार के एक-एक कलपुर्जे, ड्राइविंग सिस्टम, लाइट, हॉर्न तथा कई अन्य भागों की मरम्मत की। वर्तमान में विंटेज कार ‘1924 रॉल्स रॉयस 20 एचपी, बारकर ट्योरर’ (जीएलके 21) गार्डन होटल के संग्रह में देखी जा सकती है।
ये थे उपस्थित : पेबल बीच गोल्फ कोर्स में आयोजित प्रतियोगिता के विजयी समारोह में श्रीजी अरविंद सिंह मेवाड़ के अतिरिक्त उनकी पुत्री पद्मजा कुमारी मेवाड़, दामाद डॉ. कुश सिंह परमार, रॉल्स रॉयस कार के इंजीनियर ग्राहम एस्ले कार्टर एवं सिटी पैलेस उदयपुर के विंटर एण्ड क्लासिक कार कलेक्शन के प्रबंधक अनु विक्रम सिंह उपस्थित थे।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply