Header Banner

उदयपुर तैयार है अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए

BY — December 8, 2022

थैंक यू उदयपुर, थैंक यू राजस्थान” नायडू
जी-20 शेरपा सम्मेलन के सफल आयोजन में उदयपुर प्रशासन का नायडू ने जताया आभार

उदयपुर। जी-20 प्रथम सम्मेलन के आयोजन से उदयपुर अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक ऊंचाई पर पहुँच गया है। देश के सबसे बड़े आयोजनों में से एक जी-20 की मेजबानी करने के बाद उदयपुर प्रशासन का न सिर्फ आत्मविश्वास बढ़ा है बल्कि अब आगे भी यह शहर अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों के लिए तैयार है। यह बात गुरुवार को विदेश मन्त्रालय के संयुक्त सचिव जी एस नायडू ने कही। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार और उदयपुर प्रशासन का जो सहयोग जी-20 के सफल आयोजन के लिए मिल है उसका आभार वे शब्दों में नहीं कर सकते।

नायडू ने जी-20 के सफल आयोजन के लिए मुख्य सचिव उषा शर्मा, सम्भागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, आईजी प्रफुल्ल कुमार, जिला कलक्टर ताराचंद मीणा, एसपी विकास शर्मा सहित सभी अधिकारियों, लाइजनिंग ऑफिसर्स, पुलिसकर्मियों आदि का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। नायडू ने कहा कि अब यहाँ की व्यवस्थाओं को अच्छे से जांच और परख लिया गया है और वे यह विश्वास के साथ कह सकते हैं कि उदयपुर किसी भी बड़े अंतर्राष्ट्रीय आयोजन के लिए पूरी तरह से तैयार है।
शेरपा कान्त ने डीटीओ कल्पना शर्मा के बोट मैनेजमेंट को सराहा: जी-20 भारत के शेरपा अमिताभ कान्त ने शेरपा सम्मेलन के दौरान बोट्स के सफल मैनेजमेंट के लिए जिला परिवहन अधिकारी डॉ कल्पना शर्मा की सराहना की है। सुबह से देर रात तक वीवीआईपी और अन्य कार्मिकों के सुचारु परिवहन के लिए बोट मैनेजमेंट की कमान जिला परिवहन अधिकारी डॉ कल्पना शर्मा के हाथों में थी। कुल पाँच जेटी से सुबह 6 बजे से रात्री 12 बजे तक निरंतर बोट का संचालन किया। शर्मा ने बताया कि जग मंदिर में होने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम एक बड़ी चुनौती था। उस दिन उन्होनें 300 कलाकारों और 300 मेहमानों को समय पर जगमंदिर पहुंचाया। इस कार्य के लिए कुल 21 बोट्स का उपयोग किया गया।

विदेशी मेहमानों ने उदयपुर से ली विदाई: लेकसिटी में जी-20 शेरपा सम्मेलन के सफल आयोजन के बाद गुरुवार को 29 देशों के समस्त शेरपाओं व अन्य अतिथियों को जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा एयरपोर्ट पर विदाई दी गई। नोडल अधिकारी व अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओपी बुनकर ने बताया कि जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा, एसपी विकास शर्मा, जिला परिषद सीईओ मयंक मनीष, गिरवा एसडीएम सलोनी खेमका सहित प्रोटोकॉल में लगे अधिकारियों ने भारत के शेरपा अमिताभ कांत व विदेशी अतिथियों को पुष्प भेंटकर विदा किया। एयरपोर्ट डायरेक्टर नंदिता भट्ट, ऑपरेशन इंचार्ज पीसी महावर, एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर भावना सुथार, भरत गुप्ता और सीआईएसएफ के डीसी अतुल भनोटरा, विक्रम सिंह और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि और शेरपा भी उदयपुर के अनुभवों को लेकर गदगद नजर आए। एयरपोर्ट से भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कान्त, सो शेरपा अभय ठाकुर, संयुक्त सचिव विदेश मंत्रालय जी एस नायडू सहित विभिन्न देशों के शेरपाओं ने प्रस्थान किया। इस दौरान उन्हें प्रशासन की ओर से पुष्प भेंट किए गए। एयरपोर्ट पर “थैंक्स फॉर विजिट” का बोर्ड भी जी-20 की ओर से लगाया गया। इसके अलावा धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए सुंदर सजावट कर पीले फूलों से धन्यवाद लिखा गया।
आईजी व एसपी ने भी जताया आभार: इधर, उदयपुर आईजी प्रफुल्ल कुमार और एसपी विकास शर्मा ने कानून व्यवस्था तथा सुरक्षा से जुड़े तमाम अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया है और कहा है कि उनकी तत्परता और सजगता के कारण यह अंतर्राष्ट्रीय स्तर का आयोजन निर्विघ्न सम्पन्न हुआ है। उन्होंने एसडीआरएफ दल के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेन्सियों व व्यवस्थाओं में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply