राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान को दिलाया गौरव
उदयपुर। पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के आईवीएफ सेंटर की साइन्टिफिक डॉयरेक्टर डॉ.मनीषा वाजपेयी ने हाल ही में इंदौर में आयोजित इंडियन सोसाइटी ऑफ असिस्टेड रिप्रोडक्शन(आईएसएआर) के राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन में ’माइक्रोबायोम मैटर्सः क्या हम गर्भाशय के वातावरण को नियंत्रित कर सकते हैं’ विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत कर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। आईएसएआर भारत में प्रजनन चिकित्सा (फर्टीलिटी मेडिसिन) से जुड़े चिकित्सकों की सबसे बड़ी संस्था है।

यह विषय प्रजनन चिकित्सा का एक अत्याधुनिक व उभरता हुआ क्षेत्र है,जो गर्भस्थापन (इम्प्लांटेशन) की संभावनाओं को बेहतर बनाने की दिशा में क्रांतिकारी भूमिका निभा सकता है। उनके प्रस्तुतीकरण को देशभर से आए विशेषज्ञों ने सराहा। इस दौरान डॉ.मनीषा वाजपेयी ने दो अत्यंत महत्वपूर्ण पैनल चर्चाओं का संचालन किया जिनमें देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ शामिल हुए। इन सत्रों के दौरान उन्नत तकनीकी नवाचारों और आईवीएफ चिकित्सा से जुड़ी नैतिक चुनौतियों पर गहन विमर्श हुआ, जो प्रजनन चिकित्सा के भविष्य को आकार देंगे। सम्मेलन के दौरान डॉ.वाजपेयी ने बतौर निर्वाचित सदस्य आईएसएआर की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में भाग लिया। डॉ.मनीषा का यह शैक्षणिक योगदान और राष्ट्रीय मंच पर उनकी सक्रिय भागीदारी संस्था के उत्कृष्टता के प्रति समर्पण और नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है।












