Header Banner

श्रमिक नेता चौधरी को भावभीनी श्रद्धांजलि

BY — May 22, 2012

उदयपुर। हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड के केन्द्रीय कार्यालय श्रमिक संघ द्वारा यशद भवन में मजदूरों के मसीहा एवं विख्यात श्रमिक नेता स्व. बी. चौधरी की सत्रहवीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रमिक संघ के एम. के. लोढ़ा एवं एम.के. दीक्षित ने गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि चौधरी ने अपना सम्पूर्ण जीवन श्रमिकों के हितों के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने बताया कि स्व. श्री चौधरी हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड ही नहीं वरन् सम्पूर्ण राजस्थान एवं इस क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों के विकास में अग्रणी रहे और उन्होंने श्रमिक हितों के लिए जीवनपर्यन्त कार्य किया एवं प्रतिभागी प्रबन्धन की एक अनूठी मिसाल कायम की है जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकता है और आज भी स्व. बी. चौधरी के मार्गदर्शन, श्रमदर्शन, औद्योगिक संबंधों में एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। चौधरी ने मजदूर हितों की रक्षा के अलावा क्षेत्र में सामाजिक कार्य भी किये जिसमें अस्पताल एवं बधिर विद्यालय आदि के उत्थान में तन, मन, एवं धन से सहयोग प्रदान किया। गोष्ठी में उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की गई तथा उपरोक्त परम्परा को जारी रखने का सर्वसम्मति से आह्वान किया।
हिन्दुस्तान जिंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिलेश जोशी, कार्यकारी अधिकारी सुनील दुग्गल, मुख्य वित्तीय अधिकारी अमिताभ गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (एच. आर.) एच. के. मेहता, कंपनी सचिव आर. पण्डवाल आदि ने श्रमिक नेता स्व. चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
केन्द्रीय कार्यालय श्रमिक संघ के पदाधिकारी एम. के. लोढ़ा, एम. के. दीक्षित, प्यारेलाल सालवी, भंवर भारती, के. एम. बाबेल, पंकज शर्मा, नारायणलाल शर्मा, दिलीप शर्मा सभी वर्तमान में कार्यरत व सेवानिवृत्त भूतपूर्व कामगारों एवं अधिकारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
राष्ट्रीय जल विभाग कर्मचारी संघ इन्टक कार्यालय नौलखा बावड़ी पर उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किये गये। अध्यक्ष अशोक तम्बोली ने कहा कि बी. चौधरी ने सम्पूर्ण जीवन श्रमिकों के हितों के लिए समर्पित कर दिया। स्व. चौधरी हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड, आरएसएमएम व क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों के विकास में सदा अग्रणी रहे और उन्होंने श्रमिक हितों के लिए जीवन पर्यन्त कार्य किया।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply