Header Banner

राजस्थान में रिफाईनरी पर वेदांता के अग्रवाल से चर्चा

BY — July 7, 2012

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से नई दिल्ली में हुई बातचीत

उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत से वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने नई दिल्ली के जोधपुर हाउस में भेंट कर राजस्थान में रिफाईनरी की स्थापना की संभावनाओं पर चर्चा की और अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना में भागीदारी के लिए गहरी रूचि प्रदर्शित की।

मुलाकात के दौरान अग्रवाल ने राज्य सरकार द्वारा बाड़मेर में जारी पेट्रोलियम खोज विकास और उत्पादन गतिविधियों में निरन्तर सहयोग प्रदान करने के लिये मुख्यमंत्री गहलोत के प्रति आभार जताया और बताया कि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर क्षेत्र में मिले तेल के अथाह भंड़ारों के बाद केयर्न इंडिया द्वारा इन दिनों बाड़मेर के तेल क्षेत्रों से रोजाना 1.75 लाख बैरल तेल का उत्पादन किया जा रहा है और इसे बढ़ाकर दुगुना करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में तेल उत्पादन को बढ़ाने के लिए हमारी कंपनी निरन्तर प्रयासरत है और राज्य के मुख्य सचिव ने भी केंद्रीय तेल एवं गैस मंत्रालय को पत्र लिख कर अन्वेषण और उत्पादन सांझा अनुबंध को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है।
अग्रवाल ने बाड़मेर में तेल रिफाईनरी की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रयासों की सराहना की और रिफाईनरी की स्थापना के लिए सकारात्मक रूख दर्शाते हुए खुशी जाहिर की कि रिफाईनरी के लिये राज्य सरकार और एचपीसीएल के बीच बातचीत सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि वेदांता समूह की ओर से रिफाईनरी में निवेश के लिए भागीदारी की जाएगी।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री गहलोत ने अग्रवाल को विश्वास दिलाया कि बाड़मेर तेल क्षेत्र में तेल उत्पादन को तीन लाख बैरल प्रतिदिन करने के प्रयास में राज्य सरकार द्वारा हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि तीन लाख बैरल तेल उत्पादन होने पर राजस्थान में देश के कुल घरेलू तेल उत्पादन का  50 प्रतिशत तेल उत्पादित होने लगेगा।
भेंट के दौरान बताया गया कि राजस्थान सरकार द्वारा बाड़मेर में तेल रिफाईनरी की स्थापना के लिए तेजी से आगे कदम बढ़ाये जा रहे हैं और एच.पी.सी.एल., ओ.एन.जी.सी. एवं अन्य एजेंसियों से वार्ताओं के दौर जारी हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय से भी अनवरत संपर्क और विचार विमर्श किया जा रहा है। भेंट के दौरान केयर्न इंडिया सलाहकार मंडल के अध्यक्ष संदीप भंडारी और केयर्न एनर्जी इंडिया प्राईवेट लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद थे।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply