उदयपुर बंद की तैयारियां

BY — September 19, 2012

अधिकांश निजी स्‍कूलों ने स्‍वत: किया बंद

udaipur. गुरुवार को भारत बंद के तहत उदयपुर भी बंद रहेगा। बंद को भाजपा, उदयपुर चैम्बर ऑफ कॉमर्स उदयपुर डिवीजन सहित विभिन्न संगठनों ने समर्थन दिया है। बंद खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश के फैसले के विरोध में किया जा रहा है।

भाजपा मीडिया प्रभारी चंचल अग्रवाल ने बताया कि रिटेल बाजार में एफडीआई की मंजूरी के विरोध में राजग द्वारा आहूत भारत बंद के क्रम में बंद को सफल बनाया जाएगा। इसकी तैयारियों के लिए पार्टी नेता गुलाबचंद कटारिया के नेतृत्‍व में देर शाम तक बैठकें चलती रहीं। वरिष्ठ नेता धर्मनारायण जोशी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मदनलाल मून्दडा, दूल्हेसिंह सारंगदेवोत, प्रकाश अग्रवाल, दिग्विजय श्रीमाली, विजय प्रकाश विप्लवी, नरेश पंवार, भाजयुमो नेता गोविन्द दीक्षित ने बंद को सफल बनाने की अपील की। सर्राफा एसोसिएशन ने भी बंद को समर्थन की घोषणा की है। उधर कई निजी स्‍कूलों ने पहले ही स्‍कूल बंद की घोषणा कर दी है।

मार्क्सावादी कम्युनिस्ट पार्टी ने उदयपुर में जनता से शांतिपूर्ण बंद सफल बनाने की अपील की। जिला सचिव बी. एल. सिंघवी ने बताया कि माकपा नेता मुनव्वर खां, मजदूर नेता हीरालाल सालवी, महिला नेता मंजू सिंघवी आदि कार्यकर्ताओं ने प्रचार प्रसार कर केन्द्र सरकार के घातक कदमों से जनता को अवगत कराया।
थाना क्षेत्रवार कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
राष्ट्रव्यापी बंद के आह्वान पर उदयपुर बंद के मद्देनजर शहर में कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के लिए थाना क्षेत्रवार कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किये गये हैं। जिला मजिस्ट्रेट हेमन्त कुमार गेरा के अनुसार शहर के सुरजपोल, भूपालपुरा, प्रतापनगर, हिरणमगरी थाना क्षेत्र के लिए अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी को, हाथीपोल, घण्टाघर, धानमण्डी, अम्बामाता व सुखेर क्षेत्र के लिए भूमि अवाप्ति अधिकारी नगर विकास प्रन्यास, गोवर्धन विलास, नाई क्षेत्र हेतु उपखण्ड मजिस्ट्रेट गिर्वा, कलेक्ट्रेट परिसर व बाहर के क्षेत्र के लिए जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के परियोजना अधिकारी तथा उदयपुर शहर व देहलीगेट क्षेत्र के लिए उप पंजीयक (प्रथम) को कार्यपालक मजिस्ट्रेट लगाया गया है।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *