हृदय में छेद लिए 15 दिन का बच्चा भी पहुंचा शिविर में

BY — April 14, 2013

राजकोट के सत्य साई हार्ट हॉस्पिटल की ओर से निशुल्क हृदयरोग निदान शिविर

140411Udaipur. एकबारगी चिकित्सकों को भी आश्चर्य हुआ जब उनके सामने मात्र 15 दिन का नवजात बच्चा आया जिसके हृदय में छेद था तो 55 साल का व्यक्ति भी पहुंचा जिन्हें हृदय के ऑपरेशन की सलाह दी गई। इन्हें यह अवसर उपलब्ध कराया राजकोट के सत्य साई हार्ट हॉस्पिटल ने जिनकी ओर से चित्रकूट नगर स्थित रॉकवुड हाई स्कूल में रविवार को निशुल्क हृदयरोग निदान शिविर लगाया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के चिकित्सा मंत्री दुर्रु मियां भी पहुंचे जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इससे पहले बच्चों ने एक नाटक पेश किया जिसके माध्यम से गरीब कबाड़ी की बच्ची को हृदय रोग की बीमारी होने के बाद उसे किसी ने संाई हॉस्पिटल की राह दिखाई और नि:शुल्क ऑपरेशन किया गया।
चिकित्सा मंत्री दुर्रु मियां ने अपने उद्बोधन में हॉस्पिटल प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि यहां जितने गरीब-अमीर लोग उपचार के लिए पहुंचे हैं, उनकी दुआएं संस्थान को और ऊचाईयों पर ले जाएगी। ऑपरेशन करना यानी एक व्यक्ति का ढाई लाख रुपया बचाना है। चार वर्ष पूर्व एनआरएचएम (राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन) की शुरुआत भी इसी तरह गरीबों की सहायता के लिए की गई थी जो आज गरीबों की सेवा कर रही है। राज्य की अशोक गहलोत सरकार ने पहले नि:शुल्क दवा वितरण और अब हाल ही निशुल्क जांच योजना शुरू की है। सरकार का भी यही उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ मिले। ऐसे ट्रस्ट भी सरकार की योजनाओं को ही आगे बढ़ा रहे हैं। इससे पहले सत्य साई संगठन के राज्य के अध्यक्ष ने ट्रस्ट की गतिविधियों की जानकारी दी।
140412राजकोट से आए हॉस्पिटल के ट्रस्टी मनोज भिमानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सत्य साई बाबा का मानना था कि शिक्षा और स्वास्थ्य आमजन का अधिकार है। उसे यह नि:शुल्क मिलना ही चाहिए। हर रोग का कहीं न कहीं निशुल्क इलाज मिल जाता है लेकिन हृदयरोग का कहीं निशुल्क इलाज नहीं था। इसे बाबा ने इसलिए शुरू किया ताकि गरीब से गरीब को भी इसका लाभ मिल सके। आज हमें गर्व है कि शिविर में 15 दिन का नवजात बच्चा भी आया है जिसके हृदय में छेद है। उसे शीघ्र ही उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत होने पर ऑपरेशन भी किया जाएगा। ऑपरेशन राजकोट स्थित हॉस्पिटल में ही होंगे। इस अवसर पर हॉस्पिटल की शुरुआत करने वाले कन्नूभाई भी पहुंचे। कन्नूभाई ने राजकोट हॉस्पिटल की स्थापना के लिए 5 करोड़ रुपए देकर इसकी शुरुआत की थी।
सत्य साई सेवा संगठन के परमवीर ने बताया कि शिविर में उम्मीद से कहीं अधिक 1250 से अधिक मरीज पहुंचे। पुरानी रिपोर्ट्स देखकर इनकी समुचित जांच की गई। आवश्यकतानुसार रोगियों को सलाह दी गई वहीं ऑपरेशन के लिए भी चयन किया गया। दूर दराज से आने वाले कई रोगी शनिवार सुबह ही यहां पहुंच गए थे। इनके रहने, खाने-पीने की सुविधा सत्य संाई सेवा संगठन उदयपुर की ओर से की गई थी। बिल्कुल अनुशासित रूप से शिविर सफलतापूर्वक चलने का कारण संगठन के राज्य भर से आए करीब 80 से अधिक सेवाधारक रहे जिन्होंने दो दिन से अपनी सेवाएं दी। हॉस्पिटल से करीब 40 चिकित्सकों व नर्सेज का स्टाफ यहां पहुंचा जिन्होंने रोगियों को बड़ी आत्मीयता से संभाला। इससे पहले रॉकवुड की निदेशक अलका शर्मा, दीपक शर्मा का अभिनंदन किया गया।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *