कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कडी़ कार्यवाही : भाले

BY — April 14, 2013

साइबर क्राइम की सूचना तत्काल पुलिस को दें – पुलिस अधीक्षक

उदयपुर में फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी को लेकर शांति समिति सदस्यों के साथ बैठक

file
file

Udaipur. जिला मजिस्ट्रेट विकास एस. भाले ने कहा कि कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वे फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने व अभद्र टिप्पणी करने पर उदयपुर के अम्बामाता थानाक्षेत्र में बिगडी़ शांति और कानून व्यवस्था पुन: स्थापित करने के शांति समिति के सदस्यों के साथ हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे।

भाले ने कहा कि समाज में अपराध करने वाले कुछ प्रतिशत लोग ही होते है लेकिन उनके द्वारा किये जाने वाले अपराध से कई लोगों को परेशान होना पड़ता है। उन्होंने समिति सदस्यों से कहा कि यह शहर उनका है और उन्हें यहीं रहना है इसलिये वे लोगों में आपसी भाईचारे का माहौल पैदा करें और शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को भड़काने और शहर में शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कडी़ कार्यवाही की जिससे शनिवार को अंबामाता थाना क्षेत्र में बिगडी़ स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावना को भड़काने वाले अपराधियों के खिलाफ साइबर क्राईम एवं आईटी एक्ट के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।
होगी कडी़ कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक हरि प्रसाद शर्मा ने बैठक में कहा कि शहर की शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में शांति समिति के सदस्यों की भी बडी़ भूमिका है। उन्होंने कहा कि साईबर क्राईम या किसी भी अपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि इस पर शीघ्र नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधिक घटना की सर्वप्रथम वास्तविकता की जांच करें इसके पश्चात ही कोई कदम उठाएं। उन्होंने समिति सदस्यों से कहा कि अपराधियों को पकड़वाने एवं इन पर नियंत्रण में शांति समिति सदस्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना एक व्यक्ति द्वारा दी जाती है तो भी वही कार्यवाही होगी जो जुलूस के रूप में प्रदर्शन कर सैकडों लोगों द्वारा दी जाती है। शांति समिति के सदस्यों के सुझाव पर उन्होंने कहा कि मल्लतलाई क्षेत्र सहित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस चौकिया को प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने एवं अभद्र टिप्पणी करने वाले विकृत मानसिकता वाले लोगों के खिलाफ अपराधिक मुकदमा दर्ज कर कडी़ कार्यवाही की जाएगी । उन्होंने कहा कि अभद्र टिप्पणी को हटाने की कार्यवाही की जाएगी जिसमें कुछ समय लगने की संभावना है।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *