पांच सितारा होटल शेरटन में आग

BY — March 1, 2014

पर्यटकों का होटल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

010306उदयपुर। शहर में फतहसागर झील किनारे स्थित पंच सितारा होटल शेरेटन में शनिवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। जबरदस्त उठे धुएं के चलते आग को काबू करने में दो घंटे लगे। इस दौरान होटल में ठहरे पर्यटकों को एहतियातन सुरक्षित बाहर निकाल लिया  गया। इस घटना से पर्यटकों को खासी परेशानी हुई, जिसके लिए उन्होंने होटल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

010305बताया गया कि होटल के ग्राउण्ड फ्लोर के बेसमेंट में बने कॉरिडोर में सुबह करीब आठ बजे शार्ट सर्किट हुआ और आग भडक़ उठी। यह कॉरिडोर पूरी तरह लकड़ी पर की गई खास कलाकारी से सजाया हुआ है और यहां तक पहुंचने के लिए दो बड़े हॉलों से गुजरना होता है। भडक़ी आग इस कॉरिडोर तक फैल गई जिससे धुआं उठने लगा। धुंआ जब तक दोनों हॉल में भरता रहा तब तक किसी भी कर्मचारी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब दोनों हॉलों में धुआं पूरा भर गया और बाहर निकलने लगा तो कर्मचारियों का ध्यान गया।

010304इस पर कर्मचारी कॉरिडोर की ओर भागे लेकिन धुएं के कारण उनका दम घुटने लगा तो उलटे पांव लौट आए। उन्होंने होटल में आग लगने की सूचना तत्काल प्रभाव से अग्निशमन विभाग तथा क्षेत्रीय अंबामाता थाने को दी। इस पर अंबामाता थाने से पुलिस जाब्ता तथा अग्निशमन विभाग से चार दमकलों के साथ दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने एहतियातन होटल में ठहरे सभी पर्यटकों को बाहर निकाला तथा दमकल दल ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। धुएं के चलते दमकल दल के सदस्यों को भी कॉरिडोर तथा बेसमेंट तक घुसने में परेशानी हो रही थी। दो घंटे के अथक प्रयास के बाद उन्होंने आग पर काबू पा लिया।

010307फिलहाल आग से होटल को कितने का नुकसान हुआ, यह आंकलन किया जा रहा है लेकिन प्रारंभिक तौर पर प्रबंधन का कहना है कि बेसमेंट में लकड़ी का कराया गया काम ही करोड़ों का था, जो पूरी तरह जल गया। होटल के सुरक्षा गार्डों ने मीडिया को होटल के अंदर जाने से रोक दिया जिसके चलते उनकी मीडियाकर्मियों से झड़प भी हुई।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *