हर ग्राम पंचायत में बनेंगे खेल मैदान : वसुंधरा

BY — June 8, 2016

महाराणा प्रताप इनडोर स्टेडियम का शिलान्यास

080604उदयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन कर सकें। इसके लिए राज्य सरकार 21 जून से खेल मैदान योजना शुरू करेगी। राजे ने कहा कि इस योजना से हर ग्राम पंचायत में अच्छे खेल मैदानों का निर्माण होगा और वहां के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं मिल सकेंगी।

राजे बुधवार को उदयपुर के खेल गांव में महाराणा प्रताप इण्डोर स्टेडियम के शिलान्यास समारोह को सम्बोधित कर रही थीं। इससे पहले केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह तथा मुख्यमंत्री ने भूमि पूजन कर स्टेडियम की आधारशिला रखी।
080605मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े चार हजार दर्शक क्षमता के इस मल्टीपरपज इण्डोर स्टेडियम में पहले चरण में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से अन्तर्राष्ट्रीय मापदण्डों के अनुरूप 9 बैडमिंटन कोर्ट, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, नेटबॉल, खो-खो, कबड्डी आदि खेलों से सम्बन्धित कोर्ट बनाये जायेंगे। साथ ही दूसरे चरण में करीब 10 करोड़ की लागत से अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जायेंगी।
खेलों में नम्बर वन बनेगा राजस्थान : राजे ने कहा कि पर्यटन और खेल साथ-साथ चलते हैं इसलिए प्रदेश में खेल सुविधाओं का विकास जरूरी है और हमने इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिये हैं। उन्होंने कहा कि हमने खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक उपलब्ध करवाने का प्रयास किया है। हमें विश्वास है कि हमारा राजस्थान खेलों में नम्बर वन बनेगा।
दूसरे शहरों में भी बदलाव : मुख्यमंत्री ने उदयपुर को विश्व के सुन्दरतम शहरों की फेहरिस्त में शामिल किये जाने पर उदयपुरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसा यहां के लोगों की जागरूकता और अपने शहर को स्वच्छ रखने की आदत से ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि उदयपुर के कारण अन्य शहरों में भी बदलाव दिख रहा है।
080606गृह मंत्री गुलाब चन्द कटारिया ने कहा कि उदयपुर शहर को हम दुनिया का मॉडल शहर और आयड़ नदी को विश्व की सबसे सुन्दर नदी बनायेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में उदयपुर शहर का अद्वितीय विकास हुआ है।
उद्योग मंत्री श्री गजेन्द्र ंिसह खींवसर ने कहा कि उदयपुर में बन रहे महाराणा प्रताप इण्डोर खेल स्टेडियम को राजस्थान के सर्वश्रेष्ठ स्टेडियम का रूप दिया जायेगा। उन्होंने स्टेडियम में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी।
ग्लोबल डिप्लोमेसी में केन्द्र बिन्दु के रूप में उभरा भारत : राजनाथसिंह
उदयपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की प्रतिष्ठा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ी है। आज ग्लोबल डिप्लोमेसी एवं ग्लोबल पॉलिटिक्स में भारत एक केन्द्र बिन्दु के रूप में उभरा है। आज विश्व का कोई भी देश भारत को नजरअंदाज नहीं कर सकता। भारत की इस उभरती ताकत के अनुरूप नौजवानों को अपनी प्रतिभा को निखारना होगा। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है।
विलक्षण है महाराणा प्रताप का इतिहास : श्री सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जब सूरज-चांद रहेगा तब तक प्रताप का नाम रहेगा। महाराणा प्रताप की जीवनी और उनका इतिहास अद्भुत है। उनका इतिहास पढ़कर ही राजस्थान की जीवन शैली को वास्तविक रूप से जाना जा सकता है। मीरा की भक्ति, पन्नाधाय की युक्ति और भामाशाह की सम्पत्ति के सामन्जस्य ने राजस्थान के इतिहास को विलक्षण बना दिया है।
बिरले शहरों में उदयपुर जैसी स्वच्छता : केन्द्रीय गृह मंत्री ने शहर को स्वच्छ रखने के लिए उदयपुर के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह स्वच्छता और सुन्दरता यहां के लोगों में संस्कारों का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि बिरले ही ऐसे शहर होते हैं जहां इस तरह की स्वच्छता दिखाई देती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उदयपुर भारत का श्रेष्ठतम शहर बनेगा।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *