युवा उच्च लक्ष्य रखकर सुनहरा भविष्य पाएं : मीणा

BY — October 10, 2016

जजा क्षेत्रीय विकास मंत्री ने किया प्रतिभाओं को सम्मानित

101001उदयपुर। सुखाड़िया विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में सोमवार को जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के तत्वावधान में माणिक्यलाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह में अनुसूचित क्षेत्र की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां पाने वाली विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इनमें विभिन्न क्षेत्रों की 126 प्रतिभाओं के साथ ही हुनरमंद स्वावलम्बी युवाओं का सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा एवं अन्य अतिथियों उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा, बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद मानशंकर निनामा, राजस्थान जनजाति आयोग की अध्यक्ष प्रकृति खराड़ी, विधायकों फूलसिंह मीणा, नानालाल अहारी, अमृतलाल मीणा, धनसिंह रावत, सुशील कटारा, पूर्व विधायक वन्दना मीणा, संभागीय आयुक्त भवानीसिंह देथा, राजेन्द्र कटारा आदि ने प्रतिभाओं को तिलक, पुष्पहार, प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
101002उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर 25 से 28 अक्टूबर तक नई दिल्ली में कल्याण मंत्रालय की ओर से जनजाति कार्निवल-2016 आयोजित किया जा रहा है। इसमें राजस्थान के सहरिया स्वांग कलाकारों सहित विभिन्न अनुसूचित क्षेत्रों की 500 जनजाति प्रतिभाएं राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके लिए संभागीत्व पाने को इच्छुक प्रतिभाएं एवं विशिष्टजन जनजाति क्षेत्रीय विकास आयुक्त से सम्पर्क कर शामिल हो सकती हैं।
उन्होंने अनुसूचित जनजाति क्षेत्र की प्रतिभाओं से कहा कि वे संतुष्ट न हों बल्कि उच्चतम लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरन्तर आगे बढ़ते रहें। इस दिशा में अभी बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक, जन प्रतिनिधिगण, अभिभावक एवं क्षेत्र की आम जनता को चाहिए कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग प्रतिभाओं के उन्नयन, विकास तथा समस्याओं के समाधान में कोई कमी नहीं रखेगा।
101003उन्होंने विभाग द्वारा जनजाति खेल प्रतिभाओं के उन्नयन के प्रयासों को तेज करने पर जोर दिया और विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में नाम रौशन करें। इसके लिए खेलों में प्रशिक्षण के साथ ही उन्होंने खेल छात्रावासों में तीरंदाजी के साथ ही शतरंज, टेनिस, तैराकी, जिमनास्टिक, शूटिंग आदि सभी प्रकार के प्रमुख खेलों को भी शामिल करने की आवश्यकता जताते हुए कहा कि खेलों व खिलाड़ियों के विकास के लिए विभाग हरसंभव कदम उठा रहा है। इसके लिए खेल छात्रावासों में प्रवेश भी खेलों के आधार पर करने की कोशिश की जाएगी, प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और छात्र-छात्राओं के छात्रावास में समानुपात लाकर हर दृष्टि से बेहतर स्वरूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खेल विशेषज्ञ मालती चौहान पूरे संभाग में दौरा कर खेल विकास के बारे में अध्ययन कर रिपोर्ट देंगी। जनजाति विकास विभाग द्वारा खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिये जनवरी- 2017 में जनजाति खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्रीय विकास आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाये जो कि खेल प्रशिक्षण पर विशेष जोर देकर प्रशिक्षणार्थियों को कोचेज के द्वारा बहुत अच्छे तरीके से प्रशिक्षण दे ताकि खेल क्षेत्र में अधिक से अधिक खिलाड़ी आगे बढ़ सकें।
सांसद अर्जुनलाल मीणा ने शैक्षिक गुणवत्ता, प्रतिभाओं के सम्मान की परंपरा और जनजाति विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए मंत्री नंदलाल मीणा का आभार जताया और कहा कि शिक्षा के जरिये ही सामाजिक एवं परिवेशीय बदलाव लाया जा सकता है।
बांसवाड़ा के विधायक धनसिंह रावत ने जनजाति विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई पहल का स्वागत किया और जनजाति प्रतिभाओं से जोश-खरोश से समाज और देश के लिए काम करने आगे आने का आह्वान किया।
आरंभ में संभागीय आयुक्त भवानीसिंह देथा ने सभी अतिथियों को बुके व साफे से स्वागत किया और स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए प्रतिभा सम्मान समारोह के उद्देश्यों पर जानकारी दी। समारोह में आईएएस राजेन्द्र कटारा ने जन प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि प्रतिभाओं तक पहुंचें और उन्हें हरसंभव मदद तथा प्रोत्साहन दें। इसके लिए हर परिवार और घर तक संपर्क जरूरी है। इनके साथ ही बच्चों को पढ़ाई-लिखाई एवं विकास के लिए सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाओं एवं माहौल का मिलना भी जरूरी है। संचालन विकास अधिकारी धनपतसिंह ने किया। आभार प्रदर्शन टीआरआई के निदेशक बाबूलाल कटारा ने किया।
वामा सक्षम और सहरिया नृत्य ने बिखेरा आकर्षण
समारोह में जनजाति छात्राओं के समूहों ने अक्षय शुक्ला के निर्देशन में आत्मरक्षा से संबंधित जूड़ो-कराटे, मार्शल आर्ट, योग, एरोबिक्स आदि का मिला-जुला वामा सक्षम का साहसिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया और खूब वाहवाही पाई। सहरिया आदिवासी कलाकारों ने स्वांग नृत्य पेश कर मन मोह लिया।
स्कूटी वितरण : जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा ने सोमवार को उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम प्रांगण में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की ओर से  आयोजित कार्यक्रम में विभाग की निःशुल्क स्कूटी वितरण योजनाओं के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 65 प्रतिशत एवं इससे ऊपर अंक प्राप्त करने वाली 20 जनजाति छात्राओं को स्कूटी का वितरण किया। इस अवसर पर मीणा ने बालिकाओं से उनकी पढ़ाई-लिखाई, परिवारजनों तथा क्षेत्र के बारे में चर्चा की।
युवाओं को प्रमाण पत्र : जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा ने सोमवार को उदयपुर के सुखाड़िया विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में हुनरमंद युवाओं को सम्मानित किया। समारोह में इन प्रतिभाओं को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार राशि/प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *