‘तारा’ भी चमकेगा और ‘फूल’ भी खिलेगा : त्रिवेदी

BY — November 3, 2023

भाजपा के फायर ब्रांड नेता सुधांशु त्रिवेदी ने निशाना साधा कांग्रेस पर
उदयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार में नौजवान हैरान, किसान परेशान, कानून व्यवस्था लहुलूहान और किताबों में अकबर महान है। अंधेरा हटेगा, तारा चमकेगा। जब ‘तारा‘ चमकेगा तो ‘फूल‘ भी खिलेगा। वे उदयपुर में बैंक तिराहे पर भाजपा के उदयपुर प्रत्याशी ताराचंद जैन और फूलसिंह मीणा के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने पारस सिंघवी और प्रमोद सामर के सहयोग को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि राज्य में भाजपा निश्चित रूप से सरकार बनाएगी। कांग्रेस राज में सर तन से जुदा हो जाते हैं। अब उसका जवाब देने की बारी है। कोर्ट द्वारा बैन की गई पीएफआई को कोटा में रैली निकालने की परमिशन दे दी। पेपर लीक की राज्य में लाइन लग गई। नौजवान परेशान हो चुका है। कर्जे माफ नहीं हुए। उन्होंने कहा कि पहली बार देखा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का उम्मीदवार बागी हो गया, विधानसभा अध्यक्ष बागी हो गए और पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष तक बागी हो गए।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार देर रात पारस सिंघवी, प्रमोद सामर के विक्ट्री का निशान बनाते हुए ताराचंद जैन के साथ सोशल मीडिया पर फोटो वायरल हुआ था। इससे पूर्व सिंघवी ने ताराचंद जैन के विरोध में स्वाभिमान रैली निकाली थी। वे यूं जैन के साथ आ गए हैं लेकिन उनके बागी तेवरों को देखते हुए सभी के मन में संशय है कि वे मन से कार्य करेंगे या नहीं! पारदर्शिता की बात कहने वाली भाजपा द्वारा कोर्ट में इलेक्टोरल बांड के बारे में जनता को जानने की जरूरत नहीं के सवाल पर त्रिवेदी ने कहा कि इलेक्टोरल बांड को लेकर विपक्षी पार्टियां ही विरोध कर रही हैं। भाजपा तो हमेशा से चेक से पैसा लेने को तैयार थी लेकिन इलेक्टोरल बांड लाने के पक्ष में भी ये ही थे।

इससे पूर्व ताराचंद जैन ने कलक्ट्रेट में पांच लोगों के साथ जाकर नामांकन दाखिल किया। ग्रामीण के लिए फूलसिंह मीणा ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। उधर ग्रामीण क्षेत्र के लिए कांग्रेस प्रत्याशी विवेक कटारा ने भी नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन दाखिले के समय पूर्व मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास भी पहुंची।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *