पेसिफिक में सुपर स्टूडेंट अवार्ड का गरिमापूर्ण भव्य आयोजन

BY — June 8, 2025

450 बहुमुखी प्रतिभा संपन्न विद्यार्थियों का सम्मान
उदयपुर। सर्वांगीण शिक्षा और विद्यार्थियों के चहँमुखी विकास को ध्यान में रखते हुए पेसिफिक यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित सुपर स्टूडेंट अवार्ड सीजन-5 के अंतर्गत उदयपुर शहर के 60 विद्यालयों के 450 प्रतिभावान विद्यार्थियों जिन्होंने न सिर्फ बोर्ड परीक्षा में उत्तम प्रदर्शन किया बल्कि खेलकूद, नृत्य, संगीत, कला, संस्कृति, सामाजिक सेवा इत्यादि क्षेत्रों में राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर अपना योगदान दिया ऐसे विशिष्ट विद्यार्थियों तथा उन्हें मार्गदर्शन एवं प्रेरणा देने वाले 120 शिक्षकों व प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक लोकेश भारती ने सम्यक विकास और उन्नत जिम्मेदार नागरिक बनाने में नई शिक्षा नीति के योगदान तथा विद्यालयों व महाविद्यालयों द्वारा इस ओर उठाए जा रहे त्वरित प्रयासों की सराहना की एवं इन होनहार विद्यार्थियों को रोचक व्यवहारिक प्रसंग व कहानियों का उल्लेख करते हुए प्रेरित किया तथा उन्हें इसी प्रकार जीवन में सतत प्रयत्नशील रहने का सुझाव दिया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट दिलीप सिंह यादव ने कहा कि इस विशिष्ट सफलता के पीछे विद्यार्थियों ने जो मर्यादित व्यवहार किया, वर्ष पर्यंत कई त्याग किए और संयमित जीवन शैली अपनायी उसी का सुपरिणाम है कि वे न सिर्फ परीक्षा में अच्छे अंक लेकर आए हैं बल्कि उन्होंने विद्यालय और राज्य व राष्ट्र स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
यूनेस्को एमजीआईपी के अध्यक्ष तथा पेसिफिक समूह के पैट्रर्न प्रो. बी.पी शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने उपलब्ध संसाधनों का अनुकूलतम प्रयोग करते हुए अपनी रुचि अनुसार संकाय का चयन व पूरे मनोयोग के साथ अध्ययन करना होगा तभी भारत पुनः विश्व गुरु बनेगा और भारत से कई वैज्ञानिक, खिलाड़ी, कूटनीतिज्ञ उभरेंगे और वैश्विक आदर्श स्थापित करेंगे। शर्मा ने कहा कि यह तभी संभव होगा जब विद्यार्थी पुस्तकों तक सीमित ना रहे बल्कि उन्हें व्यवहारिक ज्ञान व उसके अनुप्रयोगों की जानकारी हो इसी दिशा में पेसिफिक विश्वविद्यालय भी प्रयासरत है।
पेसिफिक यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट प्रो. हेमंत कोठारी ने अभिभावकों को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सहयोग, प्रेरणा तथा समर्थन से ही विद्यार्थी का हुनर निखर कर सामने आता है और वह बड़े मंचों पर इस प्रकार के अवार्ड जीत पाता है।
पेसिफिक ग्रुप से राहुल अग्रवाल एवं रजिस्ट्रार शरद कोठारी ने सभी शिक्षक एवं विद्यार्थियों को चयनित होने पर हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. दिलेन्द्र हिरन, डॉ. कपिलेश तिवारी तथा डॉ. हेमंत पण्ड्या ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों, सभी संकायों के डीन, प्राचार्याें एवं शिक्षकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों में एक नई ऊर्जा का संचार देखा गया और उनके खिलखिलाते चेहरे यह बयान कर रहे थे कि वे आगे भी इसी प्रकार का प्रदर्शन करने के लिए कटिबंध है। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *