Header Banner

संगीत में नए प्रयोग और मौलिकता ही मेरी पहचान : रिकी केज

BY — November 14, 2026

एआई के दौर में मानवीय रचनात्मकता का कोई विकल्प नहीं, संगीतकार एक प्रोजेक्ट पर करें पूरा फोकस
उदयपुर। तीन बार के ग्रैमी अवॉर्ड विजेता एवं पद्मश्री सम्मानित अंतरराष्ट्रीय संगीतकार रिकी केज ने कहा कि संगीत की पारंपरिक सीमाओं को तोड़कर नए प्रयोग करना और रचनात्मकता के नए आयाम स्थापित करना ही उनका हमेशा से उद्देश्य रहा है। संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों और भावनाओं को अभिव्यक्त करने की ऐसी कला है, जिसमें मौलिकता सबसे महत्वपूर्ण है।


अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं संगीत संस्था ‘सृजन द स्पार्क’ की ओर से बिजय कुमार सुराणा फाउंडेशन एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सहयोग से रविवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) ग्राउंड में आयोजित होने वोल संगीतमय कार्यक्रम अर्थ सिम्फनी में प्रस्तुति देने आये तीन बार के ग्रेमी अवार्ड विजेता रिकी केज़ ने आज होटल हावर्ड जॉनसन होटल में उदयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान संगीत के बदलते स्वरूप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मौलिकता और भारतीय संगीतकारों की कार्यशैली पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन वास्तविक रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और व्यक्तिगत मेहनत का कोई विकल्प नहीं हो सकता।
एआई नहीं कर सकता मानवीय रचनात्मकता की बराबरी
रिकी केज ने हॉलीवुड निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म द ओडिसी का उदाहरण देते हुए बताया कि फिल्म के संगीतकार लुडविग गोरान्सन ने कांस्य युग की पृष्ठभूमि को वास्तविक रूप देने के लिए कांसे के धातु के टुकड़ों से नए वाद्ययंत्र तैयार किए और एक अनूठी बांसुरी बनाई। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयोग के लिए कलाकार को स्वयं मेहनत करनी पड़ती है।
एक साल में 15-20 प्रोजेक्ट नहीं, एक काम को दें पूरा समय
भारतीय संगीतकारों की कार्यशैली पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि आज हमारे यहां कई संगीतकार एक साल में 10 से 20 फिल्मों, कई एल्बम, विज्ञापनों और ब्रांड एंडोर्समेंट के प्रोजेक्ट्स में एक साथ व्यस्त रहते हैं। ऐसे में हर काम को अपेक्षित समय और रचनात्मक ऊर्जा देना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
उन्होंने संगीतकारों को सलाह दी कि एक साल में 10-15 अलग-अलग प्रोजेक्ट करने के बजाय किसी एक प्रोजेक्ट पर अपना पूरा ध्यान, समय और मेहनत लगानी चाहिए। इससे ऐसा संगीत तैयार हो सकेगा, जो उत्कृष्ट होने के साथ लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहे।
द अर्थ सिम्फनी से देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उल्लेखनीय है कि रिकी केज रविवार, 15 नवंबर को उदयपुर के डीपीएस ग्राउंड में आयोजित होने वाले भव्य सांस्कृतिक समारोह में पहली बार लाइव प्रस्तुति देंगे। वे अपनी चर्चित संगीतमय प्रस्तुति द अर्थ सिम्फनी के माध्यम से प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी के प्रति मानवीय जिम्मेदारी का संदेश देंगे। इससे पूर्व बिजय कुमार सुराणा फाउण्डेशन के राज सुराणा, ब्रजेन्द्र सेठ, सृजन द स्पार्क एपेक्स के अध्यक्ष राजेश खमेसरा एवं सृजन द स्पार्क के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने होटल हावर्ड जॉनसन में स्वागत किया।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.