Header Banner

हरियाणा के अपराधी लालबत्ती की कार में घूमते पकडे़

BY — April 4, 2014

एक आरोपी से मिली लोडेड रिवाल्वर, अन्य आरोपियों से छह कारतूस बरामद, कार में मिले 1.10 लाख नकद

040426उदयपुर। हरियाणा के अपराधी स्कार्पियो गाड़ी पर लालबत्ती लगाकर घूमते गुरुवार रात को उदयपुर में पकड़े गए। उसमें सवार एक युवक से लोडेड पिस्टल जबकि अन्य तीन युवकों से जिंदा कारतूस बरामद हुए। कार की तलाशी ली तो उसमें एक लाख दस हजार रुपए की नकदी मिली थी।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह शराब तस्करी के मामले में उदयपुर की केन्द्रीय जेल से रिहा होने वाले एक बंदी से शराब की पहले हो चुकी डील की रकम लेने उदयपुर आए हैं लेकिन पुलिस को उनकी बात पर यकीन नहीं है। उनका असली मकसद क्या था और उनके हथियार व नकदी लेकर घूमने से संदेह गहराया हुआ है। चारों आरोपियों को सूरजपोल थाना पुलिस ने अदालत में पेश किया था, जहां से जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अजयपाल लाम्बा ने बताया कि पकड़े गए लोगों में हिजरावा हरियाणा निवासी लखवीरसिंह पुत्र हरदीपसिंह सिख जाट, रोहतक हरियाणा निवासी आनंद शर्मा पुत्र भगवान अत्री, सोनीपत हरियाणा निवासी मंजीत पुत्र प्रताप कौशिक तथा फरीदाबाद निवासी प्रदीप पुत्र शेरसिंह जाट शामिल हैं। चारों ही युवक हरियाणा निर्मित शराब तस्करी व अन्य वारदातों में लिप्त रहे हैं। ये लोग लाल बत्ती लगी सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार से सूरजपोल क्षेत्र से निकल रहे थे कि पुलिस को उन पर संदेह हुआ। पुलिस ने जब उन्हें रोकना चाहा तो वह बगैर ध्यान दिए निकल लिए जिस पर पुलिस ने उनका पीछा कर उन्हें रोका। उसमें निकले युवकों से जब लाल बत्ती के बारे में पूछा तो वह सकपका गए। स्कॉर्पियो में सवार चारों युवकों को कार से नीचे उतार उनकी तलाशी ली तो लखवीर से लोडेड रिवाल्वर मिली। उसकी रिवाल्वर में चार गोलियां लोड थी जबकि प्रदीप से तीन, मंजीत से दो तथा आनंद की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। कार की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से एक लाख दस हजार रुपए नकद भी बरामद हुए। तीनों को गिरफ्तार कर सूरजपोल थाने लाया गया। उनकी लाल बत्ती की कार से हथियार, नकदी लेकर घूमने के बारे में पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने स्वीकार किया वे सभी हरियाणा निर्मित शराब की तस्करी करते हैं तथा यहां उदयपुर की केंद्रीय कारागृह में न्यायिक हिरासत गुजार रहे पाली निवासी आरोपी दौलतसिंह से मिलने उदयपुर आए थे।
मुख्य आरोपी हरियाणा का शराब ठेकेदार : पुलिस पूछताछ में आरोपी लखवीर ने स्वीकार किया कि वह शराब का ठेकेदार है तथा उसका हरियाणा में शराब का गोदाम है। यहां केन्द्रीय कारागृह में बंद अपराधी दौलतराम पुत्र रघुनाथ मेवाड़ा उसके यहां सेल्समैन का काम करता था। दौलतराम को गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने पिछले साल नौ जनवरी को धनराज व उसके साथियों का अपहण कर दो किलो सोने की लूट के मामले में गिरफ्तार किया था। उसी मामले में वह न्यायिक हिरासत में चल रहा है।
जेल में मिला था दौलतराम से : लखबीर ने यहां दौलतराम से मिलने की बात कही है। उसने कहा कि वह उससे पैसे मांगता था तथा उससे जेल में मिलने भी गया था। जबकि पुलिस को उनकी बात पर यकीन नहीं है। पुलिस का कहना है कि माजरा कुछ और ही है और उनके आपराधिक रिकार्ड के बारे में पता चलने पर ही खुलासा होगा। इस बारे में हरियाणा पुलिस से संपर्क कर उनके आपराधिक रिकार्ड के बारे में जानकारी ली जा रही है।
बीस दिन में आठ हथियार बरामद : एसपी लाम्बा ने बताया कि अवैध हथियार एवं तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीस दिन में पुलिस सात कार्रवाई कर आठ रिवाल्वर बरामद कर चुकी है। यह अभियान एएसपी सिटी डॉ. राजेश भारद्वाज तथा उपाधीक्षक गोरधनलाल के निर्देशन में चलाया जा रहा है। सबसे ज्यादा अवैध हथियार सूरजपोल थाना क्षेत्र में पकड़े गए।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply