उमरड़ा गांव की घटना, मृतक ने लिखे दो सुसाइड नोट
उदयपुर। हिरणमगरी क्षेत्र के उमरड़ा गांव में पत्नी की बेवफाई से तंग आकर बीती रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी के गैर मर्द से अवैध संबंध बताए जाते हैं। मृतक की जेब से बरामद दो सुसाइड नोट में भी पत्नी के अवैध संबंध का जिक्र पाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार उमरड़ा निवासी केसुलाल (३०) पुत्र जगन्नाथ लोहार ने बीती रात उसके घर पर साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि बीती रात केसुलाल खाना खाने के बाद सोने चला गया। आज सुबह जब उसकी पत्नी सोकर उठी, तो केसुलाल कमरे में नहीं था। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश की, तो उसका शव घर में ही छत पर बने कमरें में लटका मिला। सूचना पर हिरणमगरी थानाधिकारी नरपतसिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारा गया। मृतक की जेब से दो सुसाइड नोट मिले, जिनमें बताया गया कि उसकी पत्नी के राजू भावसार नामक युवक से अवैध संबंध हैं, जिससे तंग आकर वह आत्महत्या कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, राजू भावसार का कहना है कि उसका केसुलाल की पत्नी से कोई अवैध संबंध नहीं है। उसने केसु को लोहारी काम सिखाया था। इसके बाद वह उससे या उसकी पत्नी से वह कभी नहीं मिला। आरोप बेबुनियाद है।







