सिद्धान्तों से भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा दल : वसुंधरा

BY — October 5, 2016

प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक

051007उदयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि भाजपा की सोच है परिवार से बड़ा संगठन हित और संगठन से भी बड़ा देश का हित। ऐसे ही सिद्धान्तों के कारण आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा के 1984 में 2 सांसद हुआ करते थे, आज वही भाजपा पूरे बहुमत के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व का सबसे विकसित देश बनाने में जुटी हुई है।

राजे बुधवार को उदयपुर में आयोजित प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश भाजपा का परिवार भी 80 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ राजस्थान का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है। यह सबको साथ लेकर चलने का परिणाम है।
संगठन में नेता नहीं कार्यकर्ता सर्वोपरि : मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे संगठन में नेता नहीं कार्यकर्ता सर्वोपरि है। वही हमारे संगठन का मजबूत आधार और सरकार का निर्माता है। उसी के माध्यम से हमारी योजनाओं और हमारी नीतियों की क्रियान्विति होती है। कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन और अथक परिश्रम के कारण राजस्थान तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
100 पाकिस्तान की-एक हिन्दुस्तान की : राजे ने सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने पर भारतीय सेना को सलाम करते हुए कहा है कि हिन्दुस्तान की एक चोट पाकिस्तान की सौ चोट से भारी है। उन्होंने कहा कि मुझे सीमावर्ती जिलों के गांवों में बसे राजस्थानी भाइयों पर गर्व है जिन्होंने ऐसे हालातों के बीच बहादुरी दिखाई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पूरा देश और भाजपा सीमा पर बसे इन भाई-बहनों के साथ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे गुरूवार को शक्ति पीठ तनोट माता के दर्शन करेंगी और वहां दुर्गा सप्तशती के पाठ तथा यज्ञ करवाकर सीमा पर डटे नौजवानों एवं सीमावर्ती आबादी की सुरक्षा और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना करेंगी।
हमारी योजनाओं का हीरो आमजन : मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार के तीन वर्षों में हर गांव, हर शहर और हर व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंची है। हमने इन तीन वर्षों में आमजन के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हमारी योजनाओं का हीरो आमजन ही है। हमारी सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बच्चे के जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक की जिम्मेदारी निभा रही है। इसीलिए कई प्रदेश हमारी योजनाओं का अनुसरण भी कर रहे हैं।
टारगेट 2018 और 2019 : मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता भाजपा की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। आज से ही हमारा टारगेट विधानसभा चुनाव 2018 और लोकसभा चुनाव 2019 है। हम दोनों चुनाव जीतेंगे और फिर से प्रदेश और देश में भाजपा की सरकार बनायेंगे।
14 अक्टूबर से जनकल्याण पंचायत शिविर : राजे ने कहा कि इस वर्ष पं. दीनदयाल उपाध्याय का जन्म शताब्दी वर्ष है। इस मौके पर हमें प्रण लेना चाहिए कि हम पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के उद्देश्यों को आत्मसात करेंगे। उन्होंने कहा कि इसी को ध्यान में रखते हुए 14 अक्टूबर से हर शुक्रवार को समीप की दो ग्राम पंचायतों में जनकल्याण पंचायत शिविर लगाये जायेंगे।
कई क्षेत्रों में राजस्थान अव्वल : मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की तीन साल की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि आज राजस्थान अनेक क्षेत्रों में देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने बताया कि स्किल डवलपमेंट में हम दूसरी बार प्रथम आए हैं। भामाशाह योजना में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। इसी तरह खानों की ई-नीलामी, सौर ऊर्जा उत्पादन, राष्ट्रीय राजमार्ग, शौचालय निर्माण और अन्नपूर्णा भण्डारों की स्थापना में राजस्थान प्रथम है। विश्व बैंक ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राजस्थान को दूसरी रैंक दी है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। साथ ही बेस्ट हॉली डे डेस्टिनेशन के रूप में राजस्थान को एशिया में छठा स्थान मिला है। राजे ने राज्य में संचालित राजश्री योजना, सरकार आपके द्वार, आपका जिला आपकी सरकार, न्याय आपके द्वार, भामाशाह, अन्नपूर्णा भण्डार, अपनी बेटी, स्टार्ट अप पॉलिसी, ग्रामीण गौरव पथ सहित अन्य योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी भी दी।
शहीद गौरव और तिरंगा यात्रा निकालेगी भाजपा : मुख्यमंत्री ने भावी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाजवार लोगों को तीर्थयात्रा पर भेजा जायेगा। उनके साथ उसी समाज के प्रमुख कार्यकर्ता भी जायेंगे। जो सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में समझाएंगे और उन योजनाओं का उनको लाभ दिलायेंगे। हर वर्ष राजस्थान के सभी महापुरूषों की जयन्ती धूमधाम से मनाई जायेगी। राजस्थान में हर वर्ष 15 अगस्त को मण्डल स्तर तक तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी। एक शहीद के स्थान से दूसरे शहीद के स्थान तक गौरव यात्रा निकाली जायेगी। इस कार्यक्रम में सभी सैनिकों को जोड़ा जायेगा।
मेलों का होगा भव्य आयोजन : राजे ने कहा कि इसके साथ ही राजस्थान के प्रसिद्ध मेलों का भी भव्य आयोजन किया जायेगा। ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग की योजनाओं को लेकर पंचायती राज मेलों का आयोजन किया जायेगा। इस कार्यक्रम में बूथ लेवल तक के कार्यकर्ताओं को जोड़ा जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी प्रकार जनकल्याण महिला मेले भी आयोजित किए जायेंगे, जिनका उद्देश्य महिलाओं से संबंधित सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ दिलाना है। हर छह माह में मण्डल स्तर पर ऐसे मेलों का आयोजन होगा।
बैठक को प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पार्टी के सह संगठन मंत्री और प्रदेश प्रभारी वी. सतीश, गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने भी सम्बोधित किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी भी मंच पर उपस्थित थे।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *