रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास बढ़ाने में सफल रहा पेसिफेस्ट
पेसिफिक विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय कला, संस्कृति और साहित्य से संबंधित उदयपुर जिले की स्कूल स्तरीय प्रतियोगिता भव्य एवं भावपूर्ण अंदाज में संपन्न हुई। इस आयोजन के तहत 40 विद्यालयों के 515 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया तथा अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सभी ने एक स्वर में पेसिफिक युनिवर्सिटी द्वारा यह विशाल मंच प्रदान किए जाने की बड़ी प्रशंसा की। इससे उनके आत्मविश्वास में हुई वृद्धि सहज ही परिलक्षित हो रही थी। पेसिफिक की ओर से राहुल अग्रवाल ने संदेश दिया कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास बढ़ाने में पेसिफेस्ट सफल रहा तथा इसके माध्यम से विद्यार्थियों के लिए सपने साकार करने के नए अवसर बनेंगे। ऐसे मंच प्रतिभगियों के भीतर छिपी संभावनाओं को उजागर कर देश को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

द स्कॉलर्स एरीना गुप के डायरेक्टर डॉ. लोकेश जैन ने सभी प्रतिभगियों को कहा कि मैं की भावना छोंड़कर हम की भावना अपनाएं तभी सबकी जीत होगी। विद्यार्थी इस प्रकार के आयोजनों में भाग लेकर निसंदेह अधिक योग्य बनेंगे जिससे उनके लिए भविष्य में उनकी सफलता के अधिकाधिक संयोग बनते जाऐगे। पेसिफिक वि.वि. के प्रेसिडेंट प्रोफेसर हेमंत कोठारी ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक ही सीमित नहीं है। जीवन के हर पहलू में किस प्रकार से सहज रहकर उत्कृष्टता को निष्पादित किया जा सकता है, यह कौशल सीखना हर विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। इसी भावना के साथ यह आयोजन किया गया, जो पूर्णतः सफल रहा। विद्यार्थियों के संप्रेषण कौशल के विकास के लिए वाद-विवाद, एक्सटेम्पोर और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहद सार्थक रहा। वहीं दूसरी ओर, उनके कलात्मक कौशल उन्नयन के लिए पोस्टर मेकिंग, रंगोली, एकल गायन, एकल एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनसे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ। तार्किक और वैज्ञानिक सोच विकसित करने में क्विज तथा विज्ञान-इंजीनियरिंग मॉडल प्रदर्शनी अत्यंत सफल रही, जिसमें विद्यार्थियों ने अभूतपूर्व जोश दिखाया।
संयोजक प्रो. दिलेंद्र हिरण ने बताया कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रत्येक श्रेणी में दो-दो सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि पेसिफेस्ट का आयोजन विगत तीन वर्षों से हो रहा है। इस वर्ष की ‘रनिंग शील्ड’ द स्कॉलर्स एरीना सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने जीती, जिसके विद्यार्थियों ने सभी प्रतियोगिताओं में समग्र रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कन्वीनर जैकब जॉन ने सभी शिक्षण संस्थानों एवं संस्था प्रधानों को सहयोग देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा उनसे आग्रह किया कि वे भविष्य में भी होने वाले इस आयोजन में विद्यार्थियों को भेजते रहें, जिससे उनकी प्रतिभा में और निखार आए तथा उन्हें बड़ी पहचान मिल सके। पेसिफिक विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के चहुँमुखी विकास तथा समग्र व्यक्तित्व निर्माण के लिए सतत प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की तथा आयोजन को अत्यंत सफल बताया।













