जर्मनी, इज़राइल, तुर्की और दुबई सहित प्रदेश के 50 से ज्यादा डेंटल सर्जनों ने की शिरकत
उदयपुर। पेसिफिक डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (पीडीसीआरसी) में जर्मनी, इज़राइल, तुर्की, दुबई और प्रदेश के 50 से ज्यादा डेंटल सर्जनों के लिए एडवांस्ड डेंटल इम्प्लांटोलॉजी पर दो दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप ने क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय डेंटल सर्जनों को नवीनतम तकनीकों और ज्ञान का आदान-प्रदान करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के इस विशेष अवसर पर पीएमयू के चेयरपर्सन राहुल अग्रवाल, पीएमसीएच की चेयरपर्सन प्रीति अग्रवाल और ऐक्जिक्यूटिव डॉयरेक्टर अमन अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने इस आयोजन के महत्व को बताते हुए डेंटल सर्जनों के बीच ज्ञान साझा करने और चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यशाला के मुख्य क्लिनिकल मेंटर और पीडीसीआरसी के प्रिंसिपल डॉ.गौरव भारद्वाज ने बताया कि इस वर्कशॉप में विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञों ने डेंटल इम्प्लांट्स की उन्नत तकनीकों और प्रक्रियाओं पर विचार-विमर्श किया और अपने अनुभव साझा किए। इससे स्थानीय डेंटल सर्जनों को नई जानकारी प्राप्त हुई और उनके कौशल में वृद्धि हुई। इस वर्कशॉप के दौरान पीडीसीआरसी के प्रिंसिपल डॉ.गौरव भारद्वाज,विशनगर, गुजरात के प्रोफेसर डॉ.अनिल मनुगुट्टी और जयपुर के प्रोफेसर डॉ.अनुरूप राय ने दो दिनों में 15 से अधिक फुल माउथ इम्प्लांट सर्जरी की। साथ ही, पीएमयू प्रबंधन की ओर से 100 से अधिक डेंटल इम्प्लांट्स मुफ्त में लगाए गए। कार्यक्रम की आयोजन समिति में पीडीसीआरसी के पीरियोडॉन्टिक्स विभाग की प्रोफेसर डॉ. नेहा मन्नान चड्ढा, ओरल सर्जरी की सीनियर लेक्चरर डॉ.अलफीशा शेख और रेजिडेन्ट डॉ. समृद्धि मेहरा का विशेष योगदान रहा। इस सफल वर्कशॉप के माध्यम से पीडीसीआरसी ने न केवल नवीनतम डेंटल इम्प्लांट सर्जरी विधियों का प्रदर्शन किया, बल्कि विभिन्न देशों के विशेषज्ञों से ज्ञान प्राप्त करके, देश-विदेश के डेंटल समुदाय को एक मंच पर लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।












