Mon, September 21, 2026
Header Banner

क्लाइमेट चक्रव्यू फेस्टिवल 26 से

BY — September 21, 2026

60 से अधिक गतिविधियों से पर्यावरण संरक्षण का दिया जायेगा संदेश
उदयपुर। कम्यूनिटी द यूथ कलेक्टिव एवं वार्तालीप संस्था की ओर से रेनमैटर फाउंडेशन के सहयोग से 26 एवं 27 सितंबर को दो दिवसीय ‘क्लाइमेट चक्रव्यूह फेस्टिवल-2026’ का आयोजन किया जाएगा। फेस्टिवल का मुख्य आयोजन विद्या भवन में होगा, जबकि शहर के 13 अन्य स्थानों पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजन के लिए अब तक 1000 से अधिक निःशुल्क पंजीकरण हो चुके हैं।

संस्था की प्रतिभा पाठक ने बताया कि फेस्टिवल में 60 से अधिक छोटी-छोटी गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी जाएगी। देशभर से आने वाले विषय विशेषज्ञ, युवा सामाजिक उद्यमी, कलाकार एवं क्लाइमेट कार्यकर्ता प्रतिभागियों से संवाद करेंगे। फेस्टिवल की रूपरेखा देशभर के 150 से अधिक युवाओं, सामाजिक उद्यमियों, कलाकारों और क्लाइमेट कार्यकर्ताओं ने मिलकर तैयार की है।
महाभारत के चक्रव्यूह से प्रेरित इस आयोजन का उद्देश्य जलवायु, सामाजिक एवं आर्थिक चुनौतियों के बीच सामूहिक समाधान तलाशने का संदेश देना है। फेस्टिवल में बर्ड वॉक, नाइट नेचर एक्सप्लोरेशन, बेयरफुट ट्रेल, साउंड्स ऑफ नेचर और अरावली हाट जैसी गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
प्रतिभागियों को स्थानीय कारीगरों से पत्तल-दोना एवं सीड ज्वेलरी बनाने का प्रशिक्षण भी मिलेगा। वहीं ‘जुगाड़ गैराज’ में पुरानी बोतलों को उपयोगी वस्तुओं में बदलने तथा ‘रिपेयर कैफे’ में पुराने इलेक्ट्रॉनिक्स, साइकिल और कपड़ों की मरम्मत जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को शहर की कचरा प्रबंधन एवं जल-संचयन प्रणालियों को समझने का अवसर मिलेगा।
फेस्टिवल के क्यूरेटर राजेश एन. सिंह मेहर ने बताया कि शाम को ‘म्यूजिक, इकोलॉजी एंड हारमनी’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें शास्त्रीय गिटार वादक राघवेंद्र कुमार, लोक कलाकार रितेश गोहिया, कवि-गीतकार कविश सेठ एवं गायक सलमान इलाही प्रस्तुतियां देंगे।
फेस्टिवल में ‘क्लाइमेट पासपोर्ट’ आधारित गेमिफाइड क्वेस्ट भी विशेष आकर्षण रहेगा। पंजीकृत प्रतिभागियों को विभिन्न गतिविधियां पूरी करने पर गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज स्टैम्प दिए जाएंगे तथा उनका स्कोर लाइव लीडरबोर्ड पर प्रदर्शित होगा। शीर्ष 30 प्रतिभागियों को 27 सितंबर को विद्या भवन में आयोजित ग्रैंड क्लोजर समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को लेकर राहुल, पारूल एवं सोहेल ने भी जानकारी साझा की।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.