Header Banner

राज्य में हिन्द जिंक से हर वर्ष होगा 12 हजार करोड़ का राजस्व

BY — November 17, 2026

2 लाख से अधिक रोजगार के अवसर मिलेगें, 3 से 5 वर्षों में जिंक उत्पादन क्षमता बढ़कर 20 लाख टन प्रतिवर्ष और चांदी उत्पादन क्षमता 1,500 टन प्रतिवर्ष होगी, यह निवेश प्रदेश को वैश्विक धातु उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम
उदयपुर। वेदांता समूह की कंपनी और विश्व की सबसे बड़ी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने अपने निदेशक मंडल से 80,000 करोड़ के निवेश को मंजूरी मिलने की घोषणा की है। इस निवेश के माध्यम से कंपनी अगले 3 से 5 वर्षों में अपनी धातु उत्पादन क्षमता को दोगुना करेगी। इसके तहत जिंक उत्पादन क्षमता बढ़कर 20 लाख टन प्रतिवर्ष हो जाएगी, जो वैश्विक जिंक मांग का लगभग 15 प्रतिशत पूरा करने में सक्षम होगी। साथ ही, चांदी उत्पादन क्षमता भी बढ़कर 1,500 टन प्रतिवर्ष हो जाएगी। यह निवेश राजस्थान के खनन एवं धातु क्षेत्र को नई मजबूती देगा। विस्तार योजना से राज्य को हर वर्ष लगभग 12,000 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने की संभावना है। वेदांता समूह, जो राजस्थान का सबसे बड़ा निजी निवेशक है, अब तक राज्य में 1.5 लाख करोड़ का निवेश कर चुका है। यह नया निवेश समूह द्वारा राज्य में प्रस्तावित अतिरिक्त 1 लाख करोड़ के निवेश का हिस्सा है। इस परियोजना से 2 लाख से अधिक रोजगार के अवसर और 500 से अधिक एमएसएमई इकाइयों के विकास को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदुस्तान जिंक भारत में जिंक, लेड और सिल्वर का सबसे बड़ा तथा एकमात्र एकीकृत उत्पादक है। इस विस्तार के बाद कंपनी विश्व की सबसे बड़ी जिंक और चांदी उत्पादक कंपनी बन जाएगी। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब वैश्विक बाजार में जिंक और चांदी की मांग लगातार बढ़ रही है और आपूर्ति में कमी बनी हुई है।
वर्ष 2002 में भारत सरकार के विनिवेश और उसके बाद वेदांता द्वारा अधिग्रहण के बाद कंपनी के जिंक उत्पादन में चार गुना और चांदी उत्पादन में 20 गुना से अधिक वृद्धि हुई है। कंपनी दुनिया के सबसे कम लागत वाले जिंक उत्पादकों में शामिल है और उसके पास 25 वर्षों से अधिक की माइन क्षमता के साथ विश्व के दूसरे सबसे बड़े जिंक भंडार एवं संसाधन हैं। जिंक आधुनिक बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण धातु है। इसका उपयोग स्टील को जंग से बचाने, निर्माण, ऑटोमोबाइल और विनिर्माण क्षेत्रों में व्यापक रूप से किया जाता है। वहीं चांदी का उपयोग इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक वाहन, चिकित्सा उपकरण और नैनो टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में बढ़ रहा है। सीसा ऊर्जा भंडारण प्रणालियों, बैटरियों, रक्षा क्षेत्र और विकिरण सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कंपनी की प्रस्तावित उर्वरक निर्माण क्षमता भारत की खाद्य एवं उर्वरक सुरक्षा को भी मजबूत करेगी। इससे देश की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने में मदद मिलेगी।
हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि, “हिन्दुस्तान जिं़क लिमिटेड 2.0 हमारी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण अध्याय है। राजस्थान में निवेश और माइंस, मिलों तथा स्मेल्टर्स की क्षमता बढ़ाकर हम देश की औद्योगिक प्रगति में योगदान देना चाहते हैं। यह परियोजना रोजगार सृजन, स्थानीय व्यवसायों के विकास और व्यापक औद्योगिक पारितंत्र को नई गति देगी।”
एचजेडएल 2.0 योजना तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है – मल्टी-मेटल कंपनी के रूप में विस्तार, संचालन में सस्टेनेबिलिटी एवं सर्कुलर इकॉनॉमी को बढ़ावा, तथा भविष्य की तकनीकों और खनिज अन्वेषण में निवेश। कंपनी का कहना है कि ये प्राथमिकताएं आने वाले वर्षों में उसके विकास की दिशा तय करेंगी।
हिंदुस्तान जिंक राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में जिंक इंडस्ट्रियल पार्क भी विकसित कर रही है, जो जिंक आधारित उद्योगों के लिए एक व्यापक मंच प्रदान करेगा। यह पार्क हजारों रोजगार अवसर सृजित करेगा और बड़े उद्योगों, एमएसएमई तथा नए उद्यमियों को व्यवसाय विकसित करने का अवसर देगा। यहां कंपनी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और अनुसंधान सुविधाओं की मदद से नए उत्पादों और विशेष मिश्रधातुओं के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
कंपनी अपने परिचालन में सतत विकास को प्राथमिकता दे रही है। वर्तमान में उसकी लगभग 27 प्रतिशत ऊर्जा जरूरतें नवीकरणीय स्रोतों से पूरी हो रही हैं और वित्त वर्ष 2028 तक इसे 70 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। हिंदुस्तान जिंक ने 3.32 गुना जल सकारात्मकता हासिल की है और लगातार तीसरे वर्ष एसएंडपी ग्लोबल कॉरपोरेट सस्टेनेबिलिटी असेसमेंट में विश्व की सबसे सस्टेनेबल मेटल एवं माइनिंग कंपनी का दर्जा प्राप्त किया है। कंपनी इंटरनेशनल काउंसिल ऑन माइनिंग एंड मेटल्स की सदस्य बनने वाली पहली भारतीय खनन कंपनी भी है।
उल्लेखनीय है कि 80,000 करोड़ के निवेश में पहले से स्वीकृत चरण-1 परियोजनाओं के साथ नए जिंक एवं लेड स्मेल्टर, सिल्वर रिफाइनरी तथा आवश्यक माइंस और मिल विस्तार शामिल हैं।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.