Header Banner

हिंद जिंक की उबर फॉर बिजनेस के साथ साझेदारी

BY — October 13, 2026

कर्मचारियों की यात्रा बनेगा डिजिटल, देश के 120 से अधिक शहरों में  हिन्दुस्तान जिंक के कर्मचारियों को मिलेगी सुविधा, कंपनी के डिजिटल बदलाव को कर्मचारी सेवाओं और प्रक्रियाओं तक मिलेगा विस्तार
उदयपुर। विश्व की सबसे बड़ी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों की आधिकारिक यात्रा को आसान, तेज और डिजिटल बनाने के लिए उबर फॉर बिजनेस के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत उबर ऐप में हिंदुस्तान जिंक का एक विशेष बिजनेस प्रोफाइल जोड़ा जाएगा, जिससे कर्मचारी यात्रा बुकिंग, कॉर्पोरेट बिलिंग और ट्रैवल मैनेजमेंट जैसी सुविधाओं का लाभ एक ही प्लेटफॉर्म पर ले सकेंगे।
इस साझेदारी के माध्यम से कर्मचारी अपने मौजूदा उबर ऐप में व्यक्तिगत और आधिकारिक प्रोफाइल के बीच आसानी से बदलाव कर सकेंगे। उन्हें भारत के 120 से अधिक शहरों में व्यावसायिक यात्राओं, मीटिंग्स, साइट विजिट्स, एयरपोर्ट ट्रांसफर, क्लाइंट मीटिंग्स और इंटर-सिटी यात्रा के लिए उबर फॉर बिजनेस की सुविधा मिलेगी। इस पहल की एक महत्वपूर्ण विशेषता कॉर्पोरेट बिलिंग का डिजिटल एकीकरण है। इससे यात्रा बुकिंग से लेकर भुगतान और बिलिंग तक की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनेगी, साथ ही कर्मचारियों को आधिकारिक यात्रा प्रबंधन में अधिक सुविधा मिलेगी।


इस साझेदारी पर हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि, हम एक अधिक डिजिटल और चुस्त कार्यस्थल के निर्माण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। हमारा उद्देश्य केवल संचालन में तकनीक का उपयोग करना नहीं, बल्कि कर्मचारियों के रोजमर्रा के अनुभवों को भी आसान बनाना है। उबर फॉर बिजनेस के साथ यह साझेदारी कर्मचारियों को एक परिचित प्लेटफॉर्म पर सुविधाजनक और भरोसेमंद यात्रा अनुभव प्रदान करेगी, साथ ही बुकिंग, बिलिंग और यात्रा प्रबंधन की जटिलताओं को कम करेगी।
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से कर्मचारी अपनी यात्राएं पहले से भी बुक कर सकेंगे, जिससे योजनाबद्ध यात्राओं में अधिक सुविधा और समय की बचत होगी। इसके अलावा, उबर की सुरक्षा सुविधाएं, 24×7 सहायता, उबर फॉर बिजनेस सपोर्ट और सेफ्टी सपोर्ट भी उपलब्ध रहेंगे।
उबर फॉर बिजनेस इंडिया के एंटरप्राइज सेल्स प्रमुख सुदीप्त अग्रवाल ने कहा कि, वर्तमान समय में संस्थाएं ऐसी यात्रा सेवाएं चाहती हैं जो सुविधाजनक, भरोसेमंद और मजबूत हों। हमें खुशी है कि हम हिंदुस्तान जिंक के साथ मिलकर कर्मचारियों की यात्रा को आसान बना रहे हैं और उनकी विभिन्न व्यावसायिक जरूरतों के लिए बेहतर समाधान उपलब्ध करा रहे हैं।
यह साझेदारी हिंदुस्तान जिंक की व्यापक डिजिटल परिवर्तन रणनीति का हिस्सा है। कंपनी पहले से ही अपने माइनिंग और मेटल उत्पादन कार्यों में ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंडस्ट्रियल आईओटी और रिमोट ऑपरेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है। अब उबर फॉर बिजनेस के साथ यह पहल कर्मचारियों की यात्रा सेवाओं को भी डिजिटल और अधिक सुविधाजनक बनाएगी।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.