अनाहत में गूंजे सुरों के अनमोल रंगःस्नेहा शंकर की जादुई आवाज ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

BY — June 5, 2026

इंडियन आइडल फाइनलिस्ट ने शास्त्रीय, सूफी और बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर बांधा समां
उदयपुर। डॉ. जे.के. तायलिया फाउंडेशन एवं इकोन बिल्डिंग प्रोडक्ट के सहयोग से आरएनटी मेडिकल कॉलेज में आयोजित ‘अनाहत’ संगीतमय संध्या संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गई। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण इंडियन आइडल सीजन-15 की फाइनलिस्ट एवं युवा गायिका स्नेहा शंकर रहीं, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज और बेहतरीन गायकी से पूरे सभागार को सुरमयी कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को ऐसा मंत्रमुग्ध किया कि देर तक तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। कार्यक्रम की शुरुआत गायक अभिषेक ने भी लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को और अधिक संगीतमय बना दिया।

स्नेहा शंकर ने अपनी प्रस्तुति का आगाज ‘याद पिया की आए’ से किया और फिर सुरों का ऐसा जादू बिखेरा कि श्रोता संगीत की दुनिया में खो गए। उन्होंने अपनी भावपूर्ण गायकी से शास्त्रीय संगीत और बॉलीवुड धुनों का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। ‘मेरे रश्के कमर’, ‘दमादम मस्त कलंदर’, ‘सजदा’, ‘लग जा गले’, ‘ये दिल तुम बिन लगता नहीं’ और ‘बाहों में चले आओ’ जैसे सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। हर गीत के बाद तालियों की गूंज सभागार में देर तक सुनाई देती रही। स्थानीय कलाकार पामिल मोदी ने फिल्म रूदाली के प्रसिद्ध गीत ‘यारा सिली सिली’ से की। इसके बाद उन्होंने ‘मेरे नैना सावन भादो’ प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी। संगीत संध्या के दौरान स्नेहा ने शास्त्रीय, सूफी, गजल और पुराने फिल्मी गीतों की विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी गायकी की बहुमुखी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। उनकी प्रस्तुति में संगीत की गहराई, सुरों की शुद्धता और मंचीय आत्मविश्वास का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम में शहर के बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। प्रारंभ में डॉ. जे.के. तायलिया,शुभम तायलिया व परिवारजनों ने अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. जेके तायलिया ने आयोजन की जानकारी दी तथा इकोन बिल्डिंग प्रोडक्ट द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों से भी अवगत कराया। इकोन को पिछले कई वर्षो से सेवायें दे रहे कर्मचारियों को अतिथियों जेपी अग्रवाल, प्रो. कैलाश सोडाणी, डा. प्रेम भण्डारी व डा. जेके तायलिया ने उपरना ओढ़ाकर,स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि गीतांजली मेडिकल कालेज के संस्थापक जे.पी.अग्रवाल, आबकारी आयुक्त नमित मेहता,पुलिस अधीक्षक डाॅ. अमृता दुहन,सेशन जज ज्ञानप्रकाश गुप्ता,प्रो. कैलाश सोडाणी, राजस्थान विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एस.एस.सारंगदेवोत,गजल गायक डॉ. प्रेम भंडारी, राजेश शर्मा, टीनू मांडावत सहित फाउंडेशन एवं इकोन बिल्डिंग प्रोडक्ट से जुड़े अनेक सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन संगीत और सुरों की अविस्मरणीय यादों के साथ हुआ। संचालन रश्मित कौर ने किया।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *