83 किमी लम्बी सड़क, निर्माण लागत 914 करोड़ रु.

BY — October 17, 2012

बुनियादी विकास के लिए जनभागीदारी बहुत जरूरी : जोशी

udaipur. केन्द्रीय मंत्री, सड़क परिवहन और राजमार्ग एवं रेल मंत्री ड़ॉ. सी. पी. जोशी ने देश में हो रहे बुनियादी ढांचे के तेजी से विकास के लिए जन भागीदारी (पीपीपी) को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह सरकार की नीतियों का परिणाम है कि देश तेजी से आर्थिक विकास की ओर अग्रसर है।

डॉ. जोशी राजसमंद में गोमती चौराहा से उदयपुर के बीच 83 किलोमीटर लंबी फोर लेन की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का शिलान्यास कर रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 पर गोमती का चौराहा से उदयपुर के बीच बनने वाले इस राजमार्ग पर 914 करोड़ रूपये खर्च होगा। इस सडक़ का निर्माण सद्भावना इंजीनियरिंग लिमिटेड करेगी। इस परियोजना के अप्रैल 2015 तक पूरा हो जाने की संभावना है।
डॉ. जोशी ने कहा कि गत डेढ़ साल में राज्यर में 1700 कि.मी. लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए गये हैं, जिन पर लगभग 20 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सडक़ों के विकास में किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं किया गया है और सभी राज्यों में उपलब्ध संसाधनों के आधार पर विकास किया जा रहा है। कर्नाटक और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में भी सडक़ निर्माण का कार्य तेजी से हो रहा है। अकेले मध्यप्रदेश में 20 हजार करोड़ रूपये लागत की परियोजना पर काम किया जा रहा है।
डॉ. जोशी ने कहा कि गठबंधन सरकारों के कारण काम करने के तौर तरीकों में बदलाव आया है, किन्तु संयुक्त प्रजातांत्रिक  गठबंधन की डॉ० मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार गांव के गरीब आदमी के विकास का काम गंभीरता से कर रही है।
अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को 10 हजार 300 करोड़ रूपए के फसली ऋण उपलब्ध कराएगी तथा एक लाख तक के ऋण का समय पर भुगतान करने वाले किसान का ब्याज माफ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने 96 हजार लोगों को नौकरिया दी हैं तथा शीघ्र ही एक लाख 4 हजार लोगों को और नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने बेड़च का नाका परियोजना पर गंभीरता से विचार कर इसे शीघ्र क्रियान्वित करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सभी जिला मुख्यालयों पर जनसुविधा केन्द्र निर्माण हेतु भी 50-50 लाख रूपए स्वीकृत किए हैं जिनका कार्य प्रारंभ हो गया है। मांगीलाल गरासिया, खेल व युवा मामलों के राज्यमंत्री,  गोपालसिंह शेखावत, सासंद, राजसमंद तथा गणेशसिंह परमार, विधायक, कुम्भलगढ़ ने विचार व्यक्त किए।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply