Header Banner

जावर माइंस में 37 वां खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह

BY — November 24, 2026

उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक के जावर समूह की खदानों में 37वें खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर कंपनी ने सतत खनन, खनिजों के जिम्मेदार उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। सप्ताह भर चले इस आयोजन में कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और अन्य हितधारकों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।


जावर के खनन परिसर की मोचिया, जावरमाला, बरोई और बलारिया खदानों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण अभियान चलाया गया तथा कर्मचारियों और व्यावसायिक साझेदारों को अपने दैनिक कार्यों में पर्यावरण अनुकूल और सस्टेनेबल कार्यप्रणालियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न खदान इकाइयों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, खनिज संरक्षण और सतत खनन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिम्मेदार खनन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नवाचार को प्रोत्साहित करना था।
खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह के तहत भारतीय खान ब्यूरो द्वारा नियुक्त निरीक्षण दल ने जावर की विभिन्न खदानों का दौरा किया। इस दौरान निरीक्षण दल को हिंदुस्तान जिंक की खनन गतिविधियों, पर्यावरण प्रबंधन पहलों और खनिज संरक्षण उपायों की जानकारी दी गई। निरीक्षण दल में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अवशेष छतबार और अनिरुद्ध कुमावत तथा जेके सीमेंट के आशीष डाबी शामिल थे।
आयोजन के दौरान ध्वजारोहण, पर्यावरण संरक्षण की शपथ तथा वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सप्ताह का समापन पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के साथ हुआ, जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं और पर्यावरण संरक्षण एवं खनिज संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। हिंदुस्तान जिंक इन पहलों के माध्यम से जिम्मेदार खनन, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.