दशहरा दिवाली मेले का आगाज होगा आतिशी नजारों के साथ

BY — November 3, 2012

रविवार शाम उदघाटन करेंगे विधायक

udaipur. नगर परिषद् द्वारा आयोजित राष्ट्रीय दशहरा-दीपावली मेला-2012 का उद्घाटन 4 नवंबर शाम 7.30 बजे आतिशी नजारों के साथ किया जाएगा। परिषद् द्वारा इस बार मेले के आगाज पर ही विशेष आतिशबाजी का आयोजन रखा गया है।

उद्घाटनकर्ता नगर विधायक गुलाबचंद कटारिया होंगे। कार्यक्रम खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भानुकुमार शास्त्री के मुख्य आतिथ्य व उदयपुर सांसद रघुवीर मीणा की अध्यक्षता में होगा। विशिष्ट अतिथि उदयपुर ग्रामीण विधायक सज्जन कटारा, संभागीय आयुक्त सुबोधकान्त अग्रवाल, जिला कलेक्टर विकास एस भाले, वेदांता हिन्दुस्तान जिंक लि. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिलेश जोशी व समाज सेवी दिनेश भट्ट सम्माननीय अतिथि होंगे।
सभापति रजनी डांगी ने शहर की जनता से अपील की कि यह मेला आमजन के लिए है और जनता के स्वस्थ्य व स्वच्छ मनोरंजन के लिए मेले का आयोजन किया गया है। मेला व सांस्कृतिक संध्याओं में प्रवेश पूर्ण रूप से नि:शुल्क रखा गया है। प्रतिदिन होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं का शुभारंभ गणपति, राम दरबार की पूजा अर्चना व दीप प्रज्जवलन से किया जाएगा। अतिथियों का माल्यार्पण व स्वागत होगा। सांस्कृतिक संध्याओं की शृंखला में पहले दो दिन स्थानीय कलाकारों को मौका दिया गया है।
उपसभापति महेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि मेले के सुचारू संचालन के लिए मेला प्रशासनिक समिति व सांस्कृतिक समिति एवं कलाकार चयन कमेटी के अलावा 14 समितियों का गठन किया गया है। जनता के मंनोरजन के लिए परिषद प्रांगण में बच्चों व बड़ों के कई झुले लगाए गए हैं जिनका शहरवासी लुत्फल उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि मेले में इस बार सलम्बो, ब्रेकडांस, कोलमबस, आसमानी डोलर सहित कई बच्चों के झूले लगाए गए हैं।
सांस्कृतिक समिति व कलाकार चयन समिति के धनपाल स्वामी ने बताया कि 4 व 5 नवंबर को स्थानीय प्रतिभा नाईट, 6 नवंबर को कपिल व भारती की लाफ्टर नाईट, 7 नवंबर को वर्षा कुलकर्णी की स्टार संगीत नाईट, 8 नवंबर को कवि सम्मेलन, 9 नवंबर को संभावना सेठ की बालीवुड नाईट व 10 नवंबर को हंसराज ‘हंस’ पंजाबी नाईट होगी। उन्होंने बताया कि इस बार दर्शकों के लिए मंच के ठीक ऊपर एक बडी एलईडी टीवी लगाई जाएगी जिसमें कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण होगा।
मेला प्रशासनिक समिति व प्रतिपक्ष के नेता दिनेश श्रीमाली ने बताया कि मेले को लेकर सभी कांग्रेस व भाजपा पार्षद पूरे मन से लगे हुए हैं और इसको सफल बनाने में लगे हुए है। प्रेस समिति संयोजक व मेला प्रवक्ता कृष्णकांत कुमावत ने बताया कि नगर परिषद् में आयोजित मेले में  जनता को परेशानीयों का सामना न करना पड़े पूर्ण व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस का विशेष इंतजाम किया गया है। मेले की भव्यता और जनता के लगाव को देखेते हुए इस बार हर बारिक से बारिक बिंदूओं पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले की संपूर्ण जानकारी समय-समय पर जनता को मिल सके इसके लिए समिति का गठन किया गया है जो विभिन्न समाचार पत्र पत्रिकाओं व इलेक्ट्रानिक मीडिया से मिल कर मेले की जानकारी जनता तक पहुंचाते रहेंगे एवं इस कार्य के लिए पृथक से प्रेस कक्ष नगर परिषद कार्यालय में कार्य करेगा।
डेकोरेशन व मंच सज्जा सयोंजक के संयोजक सत्यनारायण मोची ने बताया कि इस बार सांस्कृतिक संध्याओं के लिए अलग तरह का मंच तैयार किया जा रहा है। 36 गुणा 44 फीट के इस विशाल मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतिया होंगी। झीलों के लबालब होने व शहर की रमणीकता को दर्शाने के लए चार फीट ऊंचे इस मंच पर शहर की विभिन्न रमणीक स्थानों के चित्रों को भी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि रंगमंच के ऊपर गणपति की मूर्ति की स्थापना की जाएगी।
पांडाल समिति संयोजक प्रेमसिंह शक्तावत ने बताया कि मेले को सफल संचालन के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार स्टॉलों को इस तरह लगवाया गया है कि जिससे जनता को किसी भी दुविधा का सामना नहीं करना पड़े।  इस बार पांडाल व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, जल व्यवस्था आदि व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक मेले में इस बार वीआईपी ब्लॉक, प्रेस दीर्घा ब्लॉक, दर्शक दीर्घा व इलेक्ट्रोनिक मीडिया के कवरेज के लिए मचान भी बनाया गया है। बेरीकेटस पर जालिया लगाई गई है जिससे सुरक्षा में कोई खल्ल उत्पन्न नहीं हो।
विद्युत समिति अध्यक्ष विजय आहुजा ने बताया कि पूरे परिषद् प्रागंण पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्या के तैयार मंच पर इस बार हर दिन अलग अलग विद्युत सज्जा की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहरवासी सांस्कृतिक संध्या का भरपूर मजा ले सके इसके लिए मेला प्रांगण में जगह-जगह प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे जिससे जनता सांस्कृतिक संध्या का पूरा आनंद ले सकेगी।
निमंत्रण समिति के संयोजक किरण जैन ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के निमंत्रण पत्रों को बंटवाने का काम अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों सहित शहर के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रण पत्र भिजवाए गए हैं।
स्टॉल समिति अध्यक्ष अर्चना ने बताया कि मेले में इस बार गत वर्ष से भी ज्यादा आय हुई है। इस बार 53,50,000 रूपए की आय परिषद् को हुई है जो पिछले वर्ष की तुलना में कही अधिक है। उन्होंने बताया कि इस बार मेले की सफलता को देखते हुए इस बार व्यवसायियों का भी काफी रूझान है और समय से पूर्व ही स्टालों की बिक्री हो चुकी है। मेला अधिकारी मन्नालाल सामर ने बताया कि झुले से 25,21,000 रूपए, पीछे वाला ग्राउंड 15,60,000 रूपए, रंगमंच के दक्षिणी ओर 4,65,000 रूपए, नेहरू बाल उद्योग पूर्वी भाग 4,42,000 रूपए, आईस्क्रीम 2,70,000, चाट मार्केट से करीब 1,00,000 रूपए की आमदनी हुई है। प्रचार प्रसार समिति संयोजक कविता मोदी ने बताया कि मेले में शहर की अधिक से अधिक जनता लुफ्त उठा सके इसके लिए पोस्टर, बैनर लगाए गए हैं। स्वागत समिति अध्यक्ष भंवरसिंह देवडा ने बताया कि मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में आने वाले अतिथियों को प्रतिदिन सूचना देने का कार्य समिति द्वारा किया जाएगा व उनके लिए माल्यार्पण, मोमेंटों की व्यवस्था कर ली गई है।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *