ठंडी हवाओं के आगे धूप बेअसर

BY — December 31, 2014

– उदयपुर 3 डिग्री – ठंड से मरने वालों की संख्या हुई पांच

311204उदयपुर। वर्ष के अंतिम दिन शहर में कड़ाके की सर्दी रही। ठंडी हवाओं के चलते धूप भी बेअसर हो गई। हालांकि गत रात्रि तापमान में भले ही दो डिग्री की वृद्धि हुई लेकिन वातावरण मेंं ठंड का असर बरकरार रहा। परसों रात का तापमान 1.1 डिग्री दर्ज किया गया था। न्यूनतम 3 एवं अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। उधर ठंड के कारण प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की आज मृत्यु हो गई। इस सीजन में ठंड से मरने वालों की संख्या 5 हो गई है।

गुलाबबाग में सुबह पेड़ पौधों पर बर्फ की चादर सी जमी देखी जा सकती है। बाजारों में जगह जगह अलाव लगे दिख जाते हैं। येन-केन प्रकारेण सर्दी से छुटकारा पाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। शाम ढलने के बाद बहुत ही जरूरी होने पर ही शहरवासी बाहर निकल रहे हैं। अमूमन 9 बजे बंद हो जाने वाले बाजार भी 7.30 बजे बाद सूने हो रहे हैं। शीत लहर का आभास कराती ठंडी हवाओं से लोग ठिठुर गए हैं। ऊनी वस्त्रों  से लदे होने के बावजूद ठिठुरन कम नहीं हो रही है। जगह जगह अलाव के नजारे आम हो गए हैं। बाजार भी जल्दी सूने होने लगे हैं। आठ बजते-बजते तो बाजार बिल्कुल सुनसान हो जाते हैं।
311205सबसे अधिक तकलीफ बच्चों और वृद्ध लोगों को हो रही है। शाम ढलते ही बाहर निकलना किसी युद्ध में जाने से कम प्रतीत नहीं होता। सुबह व शाम को दांत किटकिटाने लगते हैं तो दिन में धूजणी पीछा नहीं छोड़ रही। क्या धूप, क्या अलाव और क्या ऊनी कपड़े, सभी मानों सर्दी के आगे हाथ जोड़ मिन्नतें करते प्रतीत हो रहे हैं।
प्रतापनगर थाना क्षेत्र में नाई निवासी देवा शराब के नशे में प्रतापनगर के एमबी कॉम्पलेक्स स्थित एक ट्रांसपोर्ट के बाहर सो गया। सुबह लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया तो यह मृत मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा कर परिजनों की सूचना दी। परिजनों के आने पर उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले गत 29 दिसंबर को माना पुत्र सवा मीणा की गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में, गोगुंदा थाना क्षेत्र में दिनेश पुत्र धनजी, गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में टेंट में सो रहे नगराज पुत्र धूला मोगिया तथा महेशाश्रम के पालने में चार दिन पूर्व छोड़े गए नवजात की भी मृत्यु हो गई थी।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *