Header Banner

जन-जन तक पहुंचे आयुष पद्धतियों की महत्ता : पठान

BY — March 12, 2015

राज्यस्तरीय आरोग्य मेला 14 मार्च से

120307उदयपुर। आयुर्वेद विभाग निदेशक मोहम्मद यासीन पठान ने कहा है कि सभी प्रकार की व्याधियों के उपचार में सफल आयुष पद्धतियों की महत्ता जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ही आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा विभाग द्वारा राज्य स्तरीय आरोग्य मेला उदयपुर में हो रहा है।

पठान 14 मार्च से होने वाले राज्य स्तरीय आरोग्य मेले के संबंध में गुरुवार को मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य आयुष पद्धतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ आयुर्वेद को अपनाने को प्रेरित करना भी है ताकि वह स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सके। उन्होंने मेले में अंचल में सहज प्राप्त आयुष औषधियों, जड़ी बूटी उत्पादों व औषधीय पादपों के प्रदर्शन व बिक्री की योजना की भी जानकारी दी और कहा कि इसके माध्यम से व्यक्ति अपने आस-पास के औषधीय पादपों का रोगों के उपचार में उपयोग कर सकेगा। उन्होंने मीडिया को इस पुनीत कार्य में सहयोग करने का भी आह्वान किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आरोग्य मेले के नोडल ऑफिसर व प्राचार्य प्रो. जीएस इन्दौरिया ने बताया कि आरोग्य मेला 14 से 17 मार्च तक सुबह 11 से रात्रि 8 बजे तक नगर-निगम के टाउनहॉल प्रांगण में होगा। मेले का उद्घाटन राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग मंत्री किरण माहेश्वरी के आतिथ्य में होगा। टाउन हॉल प्रांगण में 70 से अधिक स्टाल लगाये जा रहे है जिन पर देश की 50 उत्कृष्ट औषध निर्माण कम्पनियों के उत्पादों के प्रदर्शन किया जाएगा व रियायती दर पर बिक्री की जाएगी। प्रेस वार्ता दौरान राजसमंद के जिला आयुर्वेद अधिकारी, डॉ. शोभालाल औदिच्य के साथ ही कई आयुर्वेद चिकित्साधिकारी व मीडियाकर्मी उपस्थित थे।
निःशुल्क परामर्श व औषध वितरण : प्रो. इंदौरिया ने बताया कि मेले में आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथी चिकित्सा के क्षेत्र में विशेषज्ञों द्वारा रोगियों को चिकित्सा परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जायेगा। साईटिका, माइग्रेन, डायबिटीज, उदर रोग, अस्थि संधियों के रोग, रक्त विकार एवं अन्य जीर्ण एवं जटिल रोगो के उपचार एवं परामर्श हेतु आरोग्य मेला स्थल पर जनसामान्य के लिये विशेषज्ञ सेवाऐं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी साथ ही मेला स्थल पर पंचकर्म एवं क्षारसूत्र का विशेष परीक्षण एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
योगाभ्यास भी : प्रो. इंदौरिया ने बताया कि 15 से 17 मार्च तक सुबह 7 से 8 बजे तक आमजन के लिए मेलास्थल पर योगाभ्यास भी कराया जाएगा। इसमें योग विशेषज्ञों द्वारा योग विषयक जानकारी देते हुए यौगिक क्रियाओं का निःशुल्क अभ्यास कराया जाएगा।

admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply