शहर में आने के रास्तों पर बनेंगे फ्लाईओवर, अंडरपास

BY — April 13, 2023

यूआईटी ट्रस्ट की बैठक, वित्तीय वर्ष में 632.80 करोड़ रुपये व्यय का प्रावधान
उदयपुर। नगर विकास प्रन्यास की सामान्य बैठक जिला कलक्टर व यूआईटी अध्यक्ष ताराचन्द मीणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 में कुल राशि 633.45 करोड़ रुपये प्राप्तियाँ होने एवं राशि 632.80 करोड़ रुपये व्यय का प्रावधान रखा गया जिसे अनुमोदित किया गया। बैठक में शहर में प्रवेश करने के रास्तों पर अलग अलग फ्लाईओवर, अंडरपास, ओवरब्रिज बनाने के निर्णय किए गए।

बैठक में वाड़ा में 19.75 हेक्टयर में एकीकृत टॉउनशिप की योजना का प्रस्ताव स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया वहीं न्यास द्वारा हाल ही में अतिक्रमण मुक्त की गयी भूमि ग्राम कलडवास में लगभग 11.38 हेक्टयर भूमि पर आवासीय योजना का प्रस्ताव स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया। आर्थिक दृष्टि से कमजोर आय वर्गो एवं मध्यम आय वर्गों हेतु राजस्व ग्राम देबारी में भूखण्ड आवंटन हेतु लगभग 48.21 हैक्टेयर में विशेष योजना का प्रस्ताव राज्य सरकार को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही वाड़ा में 3 हेक्टयर में आवासीय सह वाणिज्यिक योजना का प्रस्ताव स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उदयपुर शहर के लिये अधिसूचित मास्टर प्लान-2031 का पुनरावलोकन जयपुर से कराया जाएगा। इसी प्रकार नेहरू गार्डन द्वीप के सौन्दर्यकरण हेतु सिविल कार्य पूर्ण होने के उपरान्त पीपीपी मोड पर तैयार प्रारूप बिड् डाक्यूमेंट की सक्षम स्वीकृति हेतु प्रकरण राज्य सरकार एवं निर्माण नियंत्रित क्षेत्र के जोन-1 बी में कार्य करने की स्वीकृति हेतु राज्य सरकार को भेजे जाने एवं झील अधिसूचित क्षेत्र में निर्माण हेतु राजस्थान झील विकास प्राधिकरण को अनुशंषा सहित भेजने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही फतहसागर पाल पर स्थित फिश एक्वेरियम के पास पर्यटन, मनोरंजन की दृष्टि से 9डी सिनेमा हेतु स्थल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव स्वीकृति हेतु जिला झील विकास एवं संरक्षण समिति के माध्यम से राजस्थान झील विकास प्राधिकरण को प्रेषित किया जाएगा
गोवर्धन विलास-चुंगीनाका एवं पारस तिराहा पर यातायात दबाव कम करने हेतु फ्लाईओवर निर्माण हेतु 25 करोड़ रुपये एवं टी-जंक्शन गोवर्धन विलास पुराना चुंगीनाका पर अण्डरपास निर्माण हेतु 14 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के कार्य प्रस्तावित किये गये हैं।
हिरण मगरी सेक्टर-3 से मादड़ी औद्योगिक क्षेत्र के मध्य आयड़ नदी पर पूर्व में निर्मित 2-लेन ब्रिज के स्थान पर 4-लेन ब्रिज निर्माण हेतु 10 करोड़ रुपये की बजट घोषणा पर न्यास द्वारा 10 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया।
आयड़ नदी छोटा बेदला (मण्डोपी) पर कॉजवे निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये तथा उदयपुर शहर में एफसीआई गोदाम के पास आयड़ नदी पर हिरणमगरी सेक्टर 3 से मादडी इण्ड़स्ट्रीयल एरिया को जोडने वाले पुर्व से निर्मित ब्रिज के स्थान पर नवीन 4-लेन ब्रिज निर्माण कार्य हेत 1200 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति हेतु प्रकरण न्यास की अनुशंषा सहित प्रकरण राज्य सरकार को भेजे जाने का निर्णय लिया गया।
फतहसागर एवं उदयसागर झील की सफाई, सौन्दर्यकरण एवं विकास तथा डी-वीडिंग हेतु 6.40 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। फतहसागर झील परिधीय क्षेत्र में हेरिटेज पोल मय लाईट लगाकर सौन्दर्यकरण हेतु 15 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। साथ ही नेहरू गार्डन द्वीप सौन्दर्यकरण हेतु अनुमानित व्यय 15 करोड़ के तहत इस वित्तीय वर्ष में 9 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया।
राजकीय संस्थाओं को मिलेगी भूमि – बैठक में इंदिरा गांधी वर्किंग वीमेन हॉस्टल, फूड सेफ्टी एंड ड्रग कंट्रोल ऑफिसए मनवाखेड़ा में ग्राम पंचायत भवन निर्माण, एकलिंगपुरा में उपस्वास्थ्य केन्द्र भवन, ग्राम पंचायत जिंक स्मेल्टर में सामुदायिक भवन निर्माण, झरणों की सराय में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु, सवीना खेड़ा में सामुदायिक भवन निर्माण, सवीनाखेड़ा में आंगनवाड़ी निर्माण, पुलिस थाना बड़गाँव हेतु प्रशासनिक एवं आवासीय भवन, चित्रकूट नगर योजना में महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के कार्यालय भवन, राजकीय आयुर्वेद औषधालय काया हेतु भूमि आवंटन, राजकीय प्राथमिक विद्यालय-निचलाफला हेतु भूमि आवंटन, राजकीय माध्यमिक विद्यालय नयाखेड़ा खेलमैदान हेतु भूमि, राजकीय माध्यमिक विद्यालय सिसारमा खेलमैदान हेतु भूमि एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सवीना में खेलमैदान हेतु निःशुल्क भूमि आंवटन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में न्यास सचिव नितेन्द्र पाल सिंह, न्यासी अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियन्ता गिरीश जोशी, पीएचईडी अधीक्षण अभियन्ता विपिन जैन, वरिष्ठ नगर नियोजक अरविन्द कानावत सहित न्यास के अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता संजीव शर्मा, विशेषाधिकारी सावन कुमार चायल, भूमि अवाप्ति अधिकारी सुरेश कुमार, अधीक्षण अभियन्ता अनित माथुर, वरिष्ठ लेखाधिकारी दाउदयाल शर्मा, उपनगर नियोजक श्रीमती ऋतु शर्मा, तकनीकी सलाहकार बी.एल. कोठारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *