मुख्यमंत्री ने जनाना अस्पताल के पुराने भवन का लिया जायजा

BY — June 13, 2023

नवीन भवन का निर्माण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कराने के निर्देश
उदयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय परिसर में जनाना अस्पताल के पुराने भवन का जायजा लिया। उन्होंने इसके जीर्णोद्धार व नवनिर्माण के संबंध में अधिकारियों से चर्चा कर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 1956 में निर्मित अस्पताल के क्षतिग्रस्त पुराने भवन की वर्तमान स्थिति तथा भावी कार्ययोजना के संबंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान जिला कलक्टर श्री ताराचंद मीणा व पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता अशोक शर्मा ने प्रस्तावित भवन और सुविधाओं के संबंध में तकनीकी जानकारी दी।
श्री गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भवन निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। आवश्यकता होने पर और राशि स्वीकृत की जाएगी। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विपिन माथुर, एमबी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सर्किट हाउस में सुने अभाव-अभियोग
मुख्यमंत्री ने सुबह उदयपुर सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। आमजन की परिवेदनाओं को सुनकर प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों से तथ्यात्मक जानकारी ली। साथ ही त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला प्रभारी व राजस्व मंत्री रामलाल जाट, वल्लभनगर विधायक प्रीति शक्तावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जयपुर प्रस्थान
मुख्यमंत्री गहलोत उदयपुर प्रवास के पश्चात मंगलवार की शाम हेलीकॉप्टर से जयपुर के लिए प्रस्थान कर गये। उदयपुर के रेलवे ट्रेनिंग हेलीपेड से मुख्यमंत्री के प्रस्थान के दौरान जिला प्रभारी व राजस्व मंत्री रामलाल जाट, सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, पूर्व सांसद रघुवीर मीणा, समाजसेवी दिनेश खोडनिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट, पुलिस महानिरीक्षक अजय पाल सिंह लांबा, जिला कलक्टर ताराचंद मीणा, पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Print Friendly, PDF & Email
admin

doing active journalism from last 16 yrs. worked in leading news papers rajasthan patrika, dainik bhaskar.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *