पाहेर विश्वविद्यालय, उदयपुर के स्नातकोत्तर अध्ययन एवं रसायन विभाग द्वारा “एसोसिएशन ऑफ केमिस्ट्री टीचर्स” (ACT), मुंबई के सहयोग से सतत विकास में रासायनिक विज्ञान की भूमिका पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय रसायन विज्ञान सम्मेलन का आयोजन 8 और 9 अक्टूबर 2025 को किया जा रहा है। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य रसायन विज्ञान के सतत विकास में वैज्ञानिकों की भूमिका पर व्यापक विचार-विमर्श करना है।

इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश-विदेश से 300 से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेंगे है, जिनमें वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद्, स्नातकोत्तर विद्यार्थी तथा रसायन विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान वैज्ञानिक सत्र, पोस्टर प्रदर्शनी, शोध पत्र प्रस्तुतिकरण एवं पैनल चर्चाओं का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन 8 अक्टूबर को पाहेर विश्वविद्यालय के सभागार में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सोमैया विद्याविहार विश्वविद्यालय, मुंबई के कुलपति प्रोफेसर वी. एन. आर. पिल्लै होंगे। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में ACT के अध्यक्ष प्रो. डी. वी. प्रभु, पाहेर विश्वविद्यालय के समूह अध्यक्ष प्रो. बी. पी. शर्मा, कुलपति प्रो. हेमंत कोठारी एवं विज्ञान एवं तकनीकी संकाय के अध्यक्ष प्रो. दिलेन्द्र हिरन उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में युवा शोधार्थियों के लिए भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उन्हें विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।








