पेसिफिक विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेन्ट द्वारा आयोजित ऑल इण्डिया मैनेजमेन्ट फेस्ट ‘यूनिक्वेस्ट-2026’ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। फेस्ट में भारत के अनेक महाविद्यालयों से आए 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया और पुरस्कार जीते।

फैकल्टी ऑफ मैनेजमेन्ट के डीन. प्रो. दिपिन माथुर ने अपने स्वागत उद्बोधन में बताया कि छात्र जीवन में जानने सीखने की प्रक्रिया चलती रहती है। जिससे छात्रों के व्यक्तित्व का समृद्धिकरण होता रहता है ताकि जब वे जीवन में स्फुटित हो तो सफलता की असीम ऊँचाईयाँ प्राप्त कर सकें। सीखने की इसी प्रक्रिया का हिस्सा है ऐसे फेस्ट जैसे कार्यक्रमों में भाग लेना। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में रूटीन पठन-पाठन से हटकर विद्यार्थी जब ऐसे फेस्ट में भाग लेता है तो उनके व्यक्तित्व में निखार आता है। तरह-तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से उसके अन्दर का स्वाभाविक संकोच दूर होता है तथा अपनी बात को अधिक से अधिक लोगों तक प्रभावशाली तरीके से पहुँचाने का उसका हुनर विकसित होता है। उन्होंने बताया कि देश भर के छात्र-छात्राओं के ‘क्वेस्ट’ को शांत करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से ही पेसिफिक द्वारा विगत 21 वर्षों से प्रति वर्ष इस फेस्ट का आयोजन किया जाता रहा है। फेस्ट संयोजक डा. गौरव कुमार जोशी, डा. खुशबु अग्रवाल तथा डा मारूफा सादड़ीवाला ने बताया कि पेसिफिक युनिक्वेस्ट ने अपने उच्च स्तरीय आयोजन, विविध प्रतियोगिताओं एवं छात्र-छात्राओं के बड़ी संख्या में सहभागिता के कारण भारत के मैनेजमेन्ट फेस्टिवल्स में अपना एक विशिष्ट स्थान स्थापित कर लिया है।












